CBSE 12th Result: सीबीएसई (CBSE) ने 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। स्टूडेंट्स बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और डिजीलॉकर के जरिए अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। पिछली बार की तरह इस बार भी लड़कियों ने परचम लहराया है। इस साल कुल 85.20 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। सीबीएसई का कहना है कि इस साल 95 प्रतिशत से अधिक नंबर हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 17113 है। यानी 17 हजार से ज्यादा छात्र टॉपर लिस्ट में हैं।
जबकि 90 प्रतिशत से अधिक नंबर लाने वाले कुल छात्र 94028 हैं। 95 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल करने वाले कुल 0.97 प्रतिशत छात्र हैं, वहीं 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल करने वाले छात्रों का हिस्सा 5.32 प्रतिशत है। CBSE की तरफ से टॉपर्स के नाम जारी नहीं किए जाते हैं, सिर्फ उनकी संख्या बताई जाती है।
इस साल 88.86 प्रतिशत लड़कियां पास हुई हैं। जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 82.13 रहा है। लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में 6.73 प्रतिशत अधिक रहा है। ट्रांसजेंडर छात्रों ने इस साल भी 100 प्रतिशत सफलता हासिल की है। पिछले साल 91.64 प्रतिशत लड़कियां और 85.70 प्रतिशत लड़के पास हुए थे। इस साल बारहवीं में दक्षिण भारत के शहरों ने टॉप किया है। तिरुवनंतपुरम में 12वीं का रिजल्ट 95.62 फीसदी, चेन्नई 93.84 फीसदी, बेंगलुरु में 93.19 फीसदी, विजयवाड़ा में 92.77 फीसदी, दिल्ली वेस्ट में 92.34 फीसदी, दिल्ली ईस्ट में 91.73 फीसदी,अहमदाबाद में 90.60 फीसदी और लखनऊ में 82.21 फीसदी रहा है।










