नई दिल्ली/ कोलकाता: पश्चिम बंगाल में BJP के सरकार गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में पहली कैबिनेट बैठक हुई है। इसमें 6 अहम फैसले लिए गए। CM शुभेंदु अधिकारी ने इस बैठक में राज्य में हिंसा-मुक्त और सफल चुनाव कराने के लिए सभी मतदाताओं और भारत निर्वाचन आयोग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान चुनाव आयोग का काम तारीफ के लायक रहा है।
बंगाल में लागू होगा आयुष्मान भारत योजना
BJP ने बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि सत्ता में आने पर सूबे में आयुष्मान भारत स्कीम को लागू होगी। ये वादा पूरा होने जा रहा है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सूबे ने आधिकारिक तौर पर केंद्र की स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत से जुड़ने का फैसला किया है। अब PM की सभी योजनाएं बंगाल में लागू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी द्वारा रोकी गई नौकरशाहों की केंद्रीय ट्रेनिंग और तैनाती को मंजूरी दे दी गई है। बंगाल में अब तक लागू न हुई भारतीय न्याय संहिता यानी BNS आज से प्रभावी हो गई है। अब सभी केस नए कानून के तहत दर्ज होंगे।

बलिदान देने वाले 321 शहीद कार्यकर्ताओं को दिया गया सम्मान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कैबिनेट बैठक के दौरान बताया कि BJP सरकार बनने के लिए बलिदान देने वाले 321 कार्यकर्ताओं को आज श्रद्धांजलि दी गई। हम उनके परिवारों को न्याय दिलाएंगे। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं गया है। इन लोगों को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमावर्ती इलाकों में जनसांख्यिकीय बदलाव को ध्यान में रखते हुए BSF को बॉर्डर फेंसिंग के लिए जमीन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह काम 45 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि 2015 से सूबे में कोई बड़ी भर्ती नहीं हुई। उन्होंने नई भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की घोषणा की है।
नई सरकार लोगों की सुरक्षा और विकास को देगी सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार संविधान निर्माता बीआर अंबेडकर के जनता के लिए, जनता द्वारा और जनता की सरकार के सिद्धांत पर काम करेगी। नई सरकार लोगों की सुरक्षा, विश्वास और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने अवैध घुसपैठियों के हित में केंद्र और अदालतों के निर्देशों की अनदेखी की थी।
बंगाल में जल्द लागू होगी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना, पीएम श्री, विश्वकर्मा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और उज्ज्वला योजना समेत कई केंद्रीय योजनाओं को बंगाल में तेजी से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सुधारों के तहत आईएएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रशिक्षण प्रणाली से जोड़ने का फैसला लिया गया है। पिछली सरकार ने जनगणना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय के 16 जून 2025 के निर्देश को लागू नहीं किया था, जिसे वर्तमान सरकार ने तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।

















