उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सैरपुर इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर आरोप है कि उसने नाम बदलकर हिंदू लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाया, उनका शोषण किया और बाद में उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और मामले की जांच कर रही है।
फर्जी हिंदू बन लड़कियों को फंसाता था शोएब
पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम शोएब अख्तर है, जो गोंडा का रहने वाला बताया जा रहा है. वह सैरपुर के रैथा रोड पर सैलून चलाता था। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर “सौरभ सिंह” नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। इसी नकली पहचान से वह हिंदू लड़कियों से दोस्ती करता था और धीरे-धीरे उन्हें अपने जाल में फंसा लेता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले लड़कियों का भरोसा जीतता था. फिर उनसे करीबी बढ़ाकर उनकी फोटो और वीडियो बना लेता था. पुलिस का कहना है कि बाद में उन्हीं तस्वीरों और वीडियो के जरिए वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। इतना ही नहीं, उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया जाता था। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक नाबालिग लड़की ने हिम्मत करके पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने पहले खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की थी, लेकिन बाद में उसका असली सच सामने आया. लड़की की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से कई लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिलने की बात कही जा रही है। इसके अलावा उसके सोशल मीडिया अकाउंट और चैट भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को शक है कि इस मामले में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस मामले पर ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी उससे पूछताछ चल रही है। वहीं, लखनऊ पुलिस पूरे मामले की अच्छे से जांच कर रही है। इलाके के लोगों में इस घटना को लेकर काफी गुस्सा है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

















