अफ्रीकी देश माली से आतंकी हमला हुआ है। ये आतंकी हमला माली के मध्य इलाके में हुआ है। स्थानीय और सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक इन हमलों में कम से कम 70 लोग मारे गए हैं। अल-कायदा से जुड़े समूह JNIM ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है। एक स्थानीय अधिकारी ने मौतों की संख्या करीब 80 बताई है।
पहले भी मारे गए थे 30 लोग
रिपोर्ट्स अनुसार, बुधवार को गांवों पर हुए हमलों में कम से कम 30 लोग मारे गए थे। इसके बाद शुक्रवार को समन्वित हमले हुए। सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि JNIM उन गांवों को निशाना बना रहा है जिन्होंने स्थानीय समझौतों पर दस्तखत करने से मना कर दिया था। एक स्थानीय युवा नेता ने बताया कि आसपास की सेना की टुकड़ियों ने मदद के लिए बार-बार की गई पुकार पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा, “हमारे दिल खून रो रहे हैं।” सुरक्षा सूत्रों ने पूरे इलाके की स्थिति को चिंताजनक बताया।
जेल पर हमला
इस हफ्ते एक और हमला हुआ जिसमें सशस्त्र हमलावरों ने केनिएरोबा सेंट्रल जेल पर हमला किया। यह जेल राजधानी बामाको से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित नई बनाई गई सुविधा है। इसमें करीब 2,500 कैदी बंद हैं, जिनमें से कम से कम 72 को माली सरकार ने “उच्च मूल्य” वाले कैदी माना है।
अप्रैल से जारी हिंसा
माली में अप्रैल के आखिरी हफ्ते से हमलों का सिलसिला चल रहा है। 25-26 अप्रैल को JNIM ने तुआरेग-प्रधान आजवाड लिबरेशन फ्रंट (FLA) के साथ हाथ मिलाया था। इन हमलों में रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की मौत हो गई थी और रूसी सैनिकों को उत्तर के महत्वपूर्ण शहर किडाल से पीछे हटना पड़ा था।
बामाको में बुधवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में माली आर्मी कमांडर डिब्रिला माइगा ने कहा कि लड़ाके अप्रैल के हमलों के बाद फिर से संगठित होने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “खतरा अभी भी मौजूद है।” माइगा ने यह भी बताया कि सेना इनकी गतिविधियों को बाधित कर रही है। पिछले हफ्ते JNIM ने घोषणा की थी कि वह बामाको पर नाकेबंदी लगाने की योजना बना रहा है। इसके लिए राजधानी जाने वाली सड़कों पर चेकपॉइंट लगाए जाएंगे।

















