अगर आपके घर में कोई बुजुर्ग EPFO की पेंशन लेते हैं, तो मोबाइल पर आने वाले एक खास मैसेज को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। EPFO यानी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन अब पेंशनर्स के लिए फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा शुरू कर चुका है। इसका मकसद पेंशन प्रक्रिया को आसान और सुरक्षित बनाना है। अगर समय पर यह काम पूरा नहीं किया गया, तो पेंशन रुक भी सकती है।
घर बैठे ऐसे होगा फेस ऑथेंटिकेशन पूरा
पहले पेंशन पाने वाले लोगों को हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के लिए बैंक या EPFO ऑफिस जाना पड़ता था। कई बुजुर्गों को फिंगरप्रिंट मैच न होने की वजह से परेशानी होती थी। लेकिन अब यह काम घर बैठे मोबाइल से हो सकता है। इसके लिए सिर्फ चेहरे की पहचान करनी होती है, जिसे फेस ऑथेंटिकेशन कहा जाता है। इस प्रक्रिया में पेंशनर को मोबाइल कैमरे के सामने अपना चेहरा स्कैन करना होता है। सिस्टम चेहरे को पहचानकर यह तय करता है कि पेंशन लेने वाला व्यक्ति जीवित है। इसके बाद डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा हो जाता है।
यह भी पढ़ें- EPFO: ATM से PF निकासी की तैयारी, पेंशन 7.5 गुना तक बढ़ने की उम्मीद, जानें पूरा अपडेट
EPFO खासतौर पर उन लोगों को मैसेज भेज रहा है, जिनका लाइफ सर्टिफिकेट खत्म होने वाला है या जिनके फिंगरप्रिंट सही से काम नहीं करते। अगर आपके पास भी ऐसा मैसेज आया है, तो उसे बाद के लिए न छोड़ें। क्योंकि समय पर लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं करने पर पेंशन रुक सकती है। बाद में पेंशन शुरू कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। घर बैठे फेस ऑथेंटिकेशन करना बहुत आसान है। सबसे पहले मोबाइल में “AadhaarFaceRD” और “Jeevan Pramaan” ऐप डाउनलोड करें। फिर आधार नंबर और मोबाइल नंबर डालें। इसके बाद कैमरे से चेहरा स्कैन करें। पहचान पूरी होते ही आपका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा हो जाएगा और मोबाइल पर मैसेज भी आ जाएगा। ध्यान रखें कि आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना जरूरी है। अगर आपके पास EPFO का मैसेज नहीं आया है, तब भी अपनी पेंशन की जानकारी जरूर चेक करें। छोटी सी सावधानी आपकी पेंशन को बिना रुकावट जारी रख सकती है।












