आज के समय में आधार कार्ड हर जरूरी काम का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंक में खाता खुलवाना हो, मोबाइल सिम लेना हो या किसी सरकारी योजना का फायदा उठाना हो, हर जगह आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आधार में पुराना या गलत पता दर्ज हो, तो उसे अपडेट कराना जरूरी हो जाता है। लेकिन कई लोगों के पास अपने नाम का एड्रेस प्रूफ नहीं होता, जिसकी वजह से उन्हें काफी परेशानी होती थी। अब इस समस्या का आसान समाधान सामने आ गया है।
UIDAI ने आधार कार्ड में पता अपडेट करने के लिए ‘Head of Family’ यानी HOF सुविधा शुरू की है। इस तरीके से अब बिना अपने नाम के एड्रेस प्रूफ के भी आधार में पता अपडेट किया जा सकता है। इसमें परिवार के मुखिया के आधार कार्ड में दर्ज पते का इस्तेमाल किया जाता है। यह सुविधा खासकर छात्रों, गृहिणियों और किराए के मकान में रहने वाले लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है। कई बार लोगों के नाम पर बिजली बिल, पानी बिल या रेंट एग्रीमेंट नहीं होता। ऐसे में आधार अपडेट कराना मुश्किल हो जाता था। लेकिन अब परिवार के किसी सदस्य की मदद से यह काम आसानी से किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- Aadhaar डाउनलोड करने का नया तरीका आया, OTP के झंझट से मिलेगी राहत
ऐसे करें आसान तरीके से एड्रेस अपडेट
इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए सबसे पहले आधार ऐप में लॉग इन करना होता है। इसके बाद ‘Services’ सेक्शन में जाकर ‘Address Update’ विकल्प चुनना होता है। फिर “Update via Head of Family” ऑप्शन पर क्लिक करना होता है। इसके बाद परिवार के मुखिया का आधार नंबर डालना होता है और रिश्ता चुनना होता है। फिर फेस ऑथेंटिकेशन और सेल्फ-डिक्लेरेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। यह प्रक्रिया सुरक्षा के लिए जरूरी होती है। इस सुविधा के लिए 75 रुपये फीस देनी होती है। पेमेंट करने के बाद एक SRN नंबर मिलता है, जिसे परिवार के मुखिया के साथ शेयर करना होता है। फिर परिवार के मुखिया को अपने आधार ऐप में जाकर रिक्वेस्ट को अप्रूव करना होता है। जैसे ही अप्रूवल मिलता है, आधार में नया पता अपडेट हो जाता है।













