नई दिल्ली/मुंबई: महाराष्ट्र के मीरा रोड के नया नगर में दो सिक्योरिटी गार्ड्स पर धर्म पूछकर हमला करने की घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि एटीएस के साथ ही एनआईए (NIA) भी इस मामले की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि आरोपी जुबैर का किसी प्रकार का जिहाद करना या किसी अन्य धर्म के व्यक्ति को मारना….यह सेल्फ रेडिक्लाइजेशन का मामला लगता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ATS और NIA जांच कर पता लगाएगी कि आरोपी जुबैर कैसे इस प्रकार की मनोवृत्ति तक पहुंचा? क्या कोई और भी इस तरह की स्थिति में है? इन सब बातों का पता लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह मामला सेल्फ रेडिकलाइजेशन का लग रहा है। आरोपी युवक जुबैर के घर से कुछ किताबें और आपत्तिजनक सामग्री मिली है। यह युवक अमेरिका में रहता था और हाल ही में यहां आया था। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि वह कट्टरपंथ की ओर झुक गया था और उसके मन में जिहाद के नाम पर हिंदू समुदाय के लोगों पर हमला करने का विचार था। इसी के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि जांच का दायरा केवल आरोपी जुबैर तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि यह पता लगाया जाएगा कि इसके पीछे और कौन लोग हैं या फिर कौन सा नेटवर्क है। इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच की जाएगी ताकि किसी भी संभावित साजिश का खुलासा हो सके।
क्या है पूरा मामला?
आरोपी जुबैर ने पहले धर्म पूछा था और उसके बाद हिंदू गार्ड्स पर चाकू से हमला किया था। उसके पास मिले नोट में आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS), जिहाद और गाजा जैसे शब्द लिखे हुए मिले हैं। इस घटना को आतंकी कनेक्शन से जोड़कर भी देखा जा रहा है क्योंकि जुबैर के पास बरामद चीजों से यह संकेत मिल रहा है कि वह किसी आतंकी संगठन से जुड़ा हो सकता है। आरोपी जुबैर साइंस ग्रेजुएट है। वह कई साल तक अमेरिका में रह चुका है। भारत लौटने के बाद वह मीरा रोड में अकेले रह रहा था और ऑनलाइन केमिस्ट्री पढ़ाने का काम कर रहा था। इस मामले की जांच अब और अधिक गहराती जा रही है। इससे लोन वुल्फ हमले की आशंका गहरा गई है। आरोपी जुबैर ने हिंदू गार्ड्स का धर्म पूछा और उनसे यह भी पूछा कि क्या वे कलमा पढ़ सकते हैं? पुलिस के मुताबिक आरोपी ज़ुबैर पहले मौके पर पहुंचा और मस्जिद का रास्ता पूछकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह फिर लौटा और इस बार उसने हिंदू गार्ड से उसका धर्म पूछा और फिर कलमा पढ़ने को कहा। हिंदू गार्ड ने जब इससे मना कर दिया तो आरोपी जुबैर ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। फि वह सिक्योरिटी केबिन में घुसा जहां मौजूद दूसरे गार्ड पर भी इसी तरह हमला किया गया।











