नई दिल्ली/ मुंबई: महाराष्ट्र के मीरा रोड स्थित नया नगर इलाके में दो हिंदू सिक्योरिटी गार्ड्स को चाकू मारने के मामले में नया खुलासा हुआ है। आरोपी जुबैर के पास मिले नोट में आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS), जिहाद और गाजा जैसे शब्द लिखे हुए मिले हैं। इस घटना को आतंकी कनेक्शन से जोड़कर भी देखा जा रहा है क्योंकि जुबैर के पास बरामद चीजों से यह संकेत मिल रहा है कि वह किसी आतंकी संगठन से जुड़ा हो सकता है। जांच एजेंसियों को उसके पास कट्टरपंथी विचारों से भरा नोट मिला है।
लोन वुल्फ हमले की आशंका, अमेरिका में भी रह चुका है आरोपी जुबैर
आरोपी जुबैर साइंस ग्रेजुएट है। वह कई साल तक अमेरिका में रह चुका है। भारत लौटने के बाद वह मीरा रोड में अकेले रह रहा था और ऑनलाइन केमिस्ट्री पढ़ाने का काम कर रहा था। इस मामले की जांच अब और अधिक गहराती जा रही है। इससे लोन वुल्फ हमले की आशंका गहरा गई है। आरोपी जुबैर ने हिंदू गार्ड्स का धर्म पूछा और उनसे यह भी पूछा कि क्या वे कलमा पढ़ सकते हैं?

मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि आरोपी जुबैर के पास से जो नोट मिला है उसमें धमकी भरे वाक्य और कट्टरपंथी विचारों के संकेत मिले हैं। इससे जांच एजेंसियों का शक और गहरा गया है और इस मामले को आतंकी कनेक्शन से भी जोड़कर अब इसकी जांच की जा सकती है।
ATS को सौंपा गया मामला, आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट खंगाल रही जांच एजेंसियां
इस घटना में आरोपी जुबैर के पास संदिग्ध और कट्टरपंथी विचारों को बढ़ावा देने वाली चीजें मिलने के बाद जांच का रुख बदला गया है। अब इस मामले को एटीएस को सौंपा गया है। आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट, मोबाइल डेटा, ब्राउजिंग हिस्ट्री और कम्युनिकेशन रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। आरोपी के घर की तलाशी के दौरान कुछ ऐसे नोट्स और दस्तावेज मिले जिनमें उसके प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS से जुड़ी विचारधारा को फॉलो करने के संकेत मिले हैं।
कहा जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही एटीएस कई अहम खुलासे कर सकती है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपी जुबैर अकेला है या फिर वह किसी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। उसके प्लान और उससे जुड़े हुए लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।
पहले मस्जिद का रास्ता और फिर धर्म पूछा….फिर चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक आरोपी ज़ुबैर पहले मौके पर पहुंचा और मस्जिद का रास्ता पूछकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह फिर लौटा और इस बार उसने हिंदू गार्ड से उसका धर्म पूछा और फिर कलमा पढ़ने को कहा। हिंदू गार्ड ने जब इससे मना कर दिया तो आरोपी जुबैर ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। फि वह सिक्योरिटी केबिन में घुसा जहां मौजूद दूसरे गार्ड पर भी इसी तरह हमला किया गया।











