नई दिल्ली। जर्मनी की सबसे बड़ी एयरलाइन लुफ्थांसा एजी ने अपने समर शेड्यूल से 20000 छोटी दूरी की उड़ानें कैंसिल करने का फैसला लिया है। कंपनी ने यह कदम जेट फ्यूल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की वजह से उठाया है। दरअसल अमेरिका, इजराइल और ईरान युद्ध के कारण तेल की कीमतें दोगुनी हो गई हैं और दुनियाभर में ऊर्जा संकट भी पैदा हुआ है।
लुफ्थांसा एयरलाइन का कहना है कि इन उड़ानों में कटौती से कुल उपलब्ध सीट क्षमता का करीब 1 फीसदी कम होगा और लगभग 40000 टन जेट ईंधन की बचत होगी। गौरतलब है कि इससे पहले लुफ्थांसा एयरलाइन ने अपनी रीजनल यूनिट सिटीलाइन को बंद करने और 27 पुराने, ज्यादा ईंधन खर्च करने वाले विमानों को ग्राउंड करने की घोषणा की थी। कंपनी ने मंगलवार से 120 उड़ानों को रद कर दिया है जो कि मई के अंत तक लागू रहेंगी।
नौकरी में कटौती की भी योजना बना रही है कंपनी
लुफ्थांसा एयरलाइन 2030 तक 4000 नौकरियों में भी कटौती की योजना बना रही है। कंपनी छोटी दूरी की उड़ानों को कम लागत वाली इकाइयों जैसे सिटी एयरलाइंस और डिस्कवर को सौंपने की तैयारी कर रही है। बता दें कि एक महीने से भी अधिक हो गया है और ईरान व अमेरिका के बीच तनाव जारी है। इसके कारण वैश्विक स्तर पर एयरलाइन इंडस्ट्री प्रभावित हुई है।











