सोने और चांदी की कीमतों में हाल ही में आई तेज गिरावट ने निवेशकों और खरीदारों दोनों का ध्यान खींचा है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी के चलते सोमवार को कीमती धातुओं के दामों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई, जिससे सर्राफा बाजार में हलचल मच गई।
MCX पर सोना-चांदी में भारी गिरावट- मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जून डिलीवरी वाले सोने की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान सोना 1,810 रुपये तक टूट गया और दिन के निचले स्तर 1,52,799 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, बाजार में थोड़ी रिकवरी भी देखने को मिली और खबर लिखे जाने तक सोना 1,53,563 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था। इससे पहले इसका बंद भाव 1,54,609 रुपये था। दिनभर के कारोबार में सोने का उच्चतम स्तर 1,53,680 रुपये रहा। सोने की तुलना में चांदी में और भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। सट्टेबाजों द्वारा सौदों में कटौती और मांग में कमजोरी के कारण चांदी की कीमतों में तेज दबाव बना रहा। MCX पर चांदी 6,130 रुपये तक गिरकर 2,51,012 रुपये प्रति किलोग्राम के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गई। हालांकि बाद में इसमें मामूली सुधार देखा गया और यह 2,51,400 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करती नजर आई। दिन का उच्चतम स्तर 2,54,089 रुपये रहा, जबकि पिछला बंद भाव 2,57,142 रुपये था। बाजार जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।














