केरलम नववर्ष विशु के मौके पर एक रेस्टोरेंट ने चिकन बिरयानी के साथ भगवान कृष्ण के बाल रूप को दिखाते हुए विज्ञापन जारी किया। रेस्टोरेंट का नाम ‘मेहर मंडी एंड ग्रिल्स’ (Meher Mandi & Grills) है। यह आलाप्पुड़ा जिले के चेरतला में स्थित है। इसका मालिक मुस्लिम लीग के नेता का बेटा मोहम्मद शेमिर है। रेस्टोरेंट द्वारा जारी किया गया प्रमोशनल पोस्टर देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वालों की कड़ी आलोचना की जा रही है। इसे नववर्ष के मौके पर मार्केटिंग की आड़ में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की एक सोची-समझी साजिश बताया जा रहा है।
क्या है पूरा विवाद?
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब चेरतला के जाने माने रेस्टोरेंट ने बुधवार (15 अप्रैल 2026) को केरलम नववर्ष पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भगवान कृष्ण को नॉन-वेज बिरयानी के साथ दिखाते हुए एक तस्वीर शेयर की। यूजर्स ने इसे जानबूझकर हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाला कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि हिंदू देवता भगवान कृष्ण जिनकी पारंपरिक रूप से शाकाहारी प्रसाद के साथ पूजा की जाती है, उनको मांस के साथ दिखाना, विशेष रूप से विशु जैसे पवित्र त्योहार के दौरान अत्यंत असंवेदनशील है।
रेस्टोरेंट के मालिक ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगी
सोशल मीडिया पर विवादित पोस्टर को लेकर यूजर्स का गुस्सा फूटने के बाद रेस्टोरेंट के मालिक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर लोगोंं से माफी मांगी। उन्होंने इस गलती के लिए पोस्टर डिजाइन करने वालों को जिम्मेदार ठहराया। इस वीडियो में उन्होंने अपनी गलती पर दुख जताते हुए दावा किया कि यह गलती एक आउटसोर्स्ड डिजाइनर की वजह से हुई थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह काम हमसे अनजाने में हुआ और वादा किया कि ऐसा दोबारा कभी नहीं होगा। फिर भी बहुत से लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पाए और सवाल किया कि ऐसी गलती कैसे हुई? कई लोगों का तर्क है कि किसी रेस्टोरेंट की मुख्य ब्रांडिंग और उसके कॉन्सेप्ट्स को मैनेजमेंट की अनुमति के बिना आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। ऐसे में इस पूरी घटना ने विज्ञापन में संवेदनशीलता को लेकर फिर से बहस शुरू कर दी है।
जिहाद के मकसद को पूरा करने के लिए छोटी सी कुर्बानी
स्वाति शर्मा नाम की यूजर एक्स पर लिखती हैं कि रेस्टोरेंट ने एक विज्ञापन जारी किया है, जिसमें भगवान कृष्ण के बाल रूप को चिकन बिरयानी के साथ दिखाया गया है। मेहर मंडी एंड ग्रिल्स रेस्टोरेंट का मालिक मोहम्मद शेमिर (एक मुस्लिम लीग नेता का बेटा) है। देखिए, ये लोग हर दिन किस तरह अपनी हदें पार करते जा रहे हैं। उन्हें यह बात अच्छी तरह पता है कि इसके कोई खास परिणाम नहीं भुगतने पड़ेंगे। ज्यादा से ज्यादा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज होगा और जमानत आसानी से मिल जाएगी। जिहाद के मकसद को पूरा करने के लिए यह बहुत ही छोटी सी कुर्बानी है।
जानबूझकर हिंदू परंपराओं का मजाक उड़ाने का आरोप
एक यूजर ने लिखा, “डिजाइन का काम तो आउटसोर्स किया गया, लेकिन आइडिया तो कंपनी का ही होना चाहिए। यह जान-बूझकर किया गया था, गलती से नहीं।” वहीं एक अन्य यूजर ने इस घटना की तुलना पिछले कॉर्पोरेट विवादों से करते हुए कहा, “यह कोई गलती नहीं है। ये लोग जान-बूझकर हिंदू परंपराओं और देवी-देवताओं का मजाक उड़ाते हैं। चौतरफा विरोध होने पर माफी नामा जारी कर देते हैं। क्या हिंदुओं की भावनाएं इतनी सस्ती हैं?”

















