नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच दो हफ्ते का युद्धविराम हुआ है। युद्धविराम के लिए अमेरिका ने 15 सूत्रीय योजना और ईरान ने दस सूत्रीय योजना दी है। इस बीच इजराइल ने साफ कर दिया है कि हिजबुल्ला के खिलाफ हमला जारी रहेगा। इजराइल का कहना है कि लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ उसकी सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। इजराइल हिजबुल्ला के खिलाफ जमीनी और हवाई अभियानों के साथ हमले जारी रखेगा।
बता दें कि पाकिस्तान की मध्यस्थता से अमेरिका, ईरान और इजराइल के बीच दो सप्ताह का युद्धविराम हुआ है। इजराइल का कहना है कि यह समझौता सिर्फ ईरान तक सीमित है और इसमें लेबनान या हिजबुल्ला शामिल नहीं हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इजराइल अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उस फैसले का समर्थन करता है जिसमें ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को दो हफ्ते के लिए स्थगित किया गया है। यह निर्णय इस शर्त पर आधारित है कि ईरान तत्काल होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दे और अमेरिका, इजराइल व क्षेत्रीय देशों पर सभी हमले बंद करे।
इजराइल का कहना है कि लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ उसका ऑपरेशन जारी रहेगा। वहीं ट्रंप ने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित बड़े सैन्य हमले को फिलहाल टाल दिया है। अभी तो हफ्ते तक अमेरिका और इजराइल मिलकर ईरान पर कोई हमला नहीं करेंगे। यह युद्धविराम अभी अस्थायी है। ईरान और अमेरिका अब 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में आगे की बातचीत करेंगे। बता दें कि अमेरिका और ईरान की लड़ाई 28 फरवरी से शुरू हुई है।















