वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एक छात्र की जाति पूछकर पीटने का मामला सामने आया है। हिंदी के परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्र ने समाजवादी छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष हिमांशु यादव पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनसे उनकी जाति पूछकर पिटाई की। पीड़ित छात्र की शिकायत पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गुरुवार को हिमांशु यादव को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
पीड़ित छात्र प्रशांत मिश्र के अनुसार, बुधवार को दोपहर में क्लास करने के लिए विभाग गया था। वहां हिमांशु यादव ने उन्हें रोककर पूछा, “किस जाति के हो? कौन सा कोर्स कर रहे हो?” इसके बाद अचानक थप्पड़ मारने लगा। उसने जाति विशेष को लेकर गालियां भी दीं। यह पूरा घटनाक्रम विभाग में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे जांच की जा रही है।

















