Google ने हाल ही में Gmail यूजर्स के लिए एक ऐसा फीचर पेश करने की घोषणा की है, जिसका इंतजार लोग लंबे समय से कर रहे थे। अब तक Gmail यूजर्स अपनी @gmail.com वाली ईमेल आईडी को बदल नहीं सकते थे, लेकिन इस नए अपडेट के साथ यह मुमकिन होने जा रहा है। यह बदलाव करोड़ों लोगों के लिए बहुत बड़ी राहत है।
इस फीचर की जानकारी Sundar Pichai ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि 2004 अच्छा साल था, लेकिन आपकी Gmail आईडी उसी समय की याद बनकर नहीं रहनी चाहिए। दरअसल, कई लोगों ने शुरुआत में जल्दबाजी या मजाक में अजीब ईमेल आईडी बना ली थी, जो अब प्रोफेशनल लाइफ में सही नहीं लगती।
अब बिना डेटा खोए बदल सकेंगे Gmail आईडी- अब इस नए फीचर की मदद से यूजर्स बिना नया अकाउंट बनाए अपनी ईमेल आईडी बदल सकेंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि इससे आपका पुराना डेटा बिल्कुल सुरक्षित रहेगा। आपकी सभी ईमेल्स, Google Drive की फाइल्स, फोटो और बाकी जरूरी जानकारी पहले की तरह ही बनी रहेगी। यानी आपको नया अकाउंट बनाने और डेटा ट्रांसफर करने की परेशानी नहीं होगी। इस अपडेट की एक खास बात यह भी है कि आपकी पुरानी ईमेल आईडी पूरी तरह खत्म नहीं होगी। वह आपके अकाउंट से जुड़ी रहेगी और एक alternate ईमेल की तरह काम करेगी। अगर कोई आपकी पुरानी आईडी पर मेल भेजता है, तो वह आपको मिलती रहेगी। इससे आपको किसी भी जरूरी मेल के छूटने की चिंता नहीं होगी।
Gmail ID बदलने से पहले रखें ये जरूरी सावधानियां- हालांकि, कुछ सावधानियां भी जरूरी हैं। Google ने बताया है कि ईमेल आईडी बदलने के बाद “Sign in with Google” और Chrome Sync जैसी सेवाओं में थोड़ी दिक्कत आ सकती है। इसलिए यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे पहले अपने जरूरी डेटा का बैकअप ले लें। अभी यह फीचर सीमित यूजर्स के लिए शुरू किया गया है, खासकर अमेरिका में। धीरे-धीरे इसे बाकी देशों में भी लाया जाएगा। भारत के यूजर्स को इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। कुल मिलाकर, यह अपडेट यूजर्स को अपनी डिजिटल पहचान को बेहतर बनाने का आसान मौका देता है।











