पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच ईरान ने इजरायल की तरफ दागी गई मिसाइलों पर ‘भारत के लोगों का धन्यवाद’ जैसे मैसेज लिखे हैं। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीर और वीडियो वायरल हो रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि ईरानी सैनिक मिसाइलों पर ‘थैंक्यू पीपल ऑफ इंडिया लिख’ रहे हैं। भारत के अलावा ईरान ने इस लड़ाई में उनका साथ देने वाले स्पेन और जर्मनी के लोगों को भी इसी तरह के संदेश लिखकर उन्हें धन्यवाद दिया है।
मुंबई में ईरान का वाणिज्य दूतावास और ईरानी मीडिया ने भी इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा किया है। इन तस्वीरों में ईरान की एयरोस्पेस फोर्स के कर्मियों को मिसाइलें दागने से पहले उन पर नीले मार्कर से ‘भारत के लोगों को धन्यवाद’ जैसे संदेश लिखते हुए दिखाया गया है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के मुताबिक, यह उनका 83वां हमला था, जिसमें लंबी और मध्यम दूरी की मिसाइलें और ड्रोन इस्तेमाल किए गए। उन्होंने दावा किया कि यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
Iran launches WAVE 83 missile AND drone attack on ‘Zionist soldiers’ — IRIB
THANK YOUS written on missiles in English to people across globe pic.twitter.com/wjjVietkAo
— RT (@RT_com) March 26, 2026
एक आधिकारिक बयान में IRGC ने कहा कि उन्होंने अमेरिका और इजराइल के प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, तेल अवीव के पास अशदोद में तेल भंडारण, सैन्य ठिकानों और अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की एक मेंटेनेंस फैसिलिटी पर ये हमले किए गए हैं। इसके अलावा, खाड़ी देशों पर भी ऐसी ही मिसाइलें ईरान ने दागी हैं।
भारत का जिक्र क्यों हो रहा?
ईरान ने हाल ही में इस बात की पुष्टि की थी कि वह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण Strait of Hormuz से भारतीय जहाजों को सुरक्षित गुजरने देगा, जबकि अमेरिका, इजरायल और उसके सहयोगियों से जुड़े जहाजों पर प्रतिबंध जारी रहेगा । ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने यह भी कहा था कि भारत उन चुनिंदा देशों में से एक है जिन्हें सच्चा मित्र माना जाता है। इस क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति होने के बावजूद उनके जहाजों को नहीं रोका जाएगा।
इस पूरे मामले में एक और बड़ा कारण भारतीयों खासकर जम्मू-कश्मीर के लोगों से मिल रही मदद भी है। यहां के कुछ लोगों ने ईरान के लिए पैसे, गहने और जरूरी सामान दान किए हैं। एक महिला ने अपने पति की याद में तीन दशकों से संभालकर रखा हुआ सोना तक दान कर दिया। भारतीय बच्चों ने भी अपने गुल्लक तक ईरान को दान कर दिए । सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ था।

















