दो बड़ी अमेरिकी कंपनियों के सीईओ अपना पद छोड़ रहे हैं और उन्होंने बताया कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बड़ी भूमिका है। कोका-कोला और वॉलमार्ट जैसी कंपनियां अब अपनी लीडरशिप बदल रही हैं। दोनों सीईओ ने अलग-अलग इंटरव्यू में ये बात कही कि आने वाले समय में AI बिजनेस को पूरी तरह बदल देगा, इसलिए नई ऊर्जा और नई सोच वाले लीडर की जरूरत है।
कोका-कोला के सीईओ जेम्स क्विंसी का फैसला
सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में कोका कोला कंपनी के सीईओ जेम्स क्विंसी ने कहा कि अब वे अपना पद छोड़ रहे हैं और उनकी जगह कंपनी के मौजूदा चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) हेनरिक ब्राउन लेंगे। क्विंसी ने बताया कि उन्होंने ये फैसला इसलिए लिया क्योंकि बिजनेस का माहौल तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा, “मेरा काम ये भी है कि सोचूं कि अगली लहर के लिए कौन सी टीम सबसे अच्छी होगी। मैंने निष्कर्ष निकाला कि अब अगली ग्रोथ की लहर के लिए किसी और को मैदान में उतारने का समय आ गया है।”
क्विंसी ने आगे बताया, “प्री-AI यानी जेनरेटिव AI से पहले के समय में हमने काफी प्रगति की। लेकिन अब एक बहुत बड़ा नया बदलाव आने वाला है।” वे मानते हैं कि कंपनी को AI की पूरी क्षमता का फायदा उठाने के लिए नई एनर्जी वाले लीडर की जरूरत है जो पूरे संगठन को नई तरीके से बदल सके।
वॉलमार्ट के सीईओ डग मैकमिलन ने भी छोड़ा पद
वॉलमार्ट के सीईओ डग मैकमिलन भी अपना पद छोड़ चुके हैं। उन्होंने दिसंबर 2025 में सीएनबीसी को इंटरव्यू देते हुए AI को अपनी विदाई का एक बड़ा कारण बताया। मैकमिलन ने कहा कि AI रिटेल बिजनेस को पूरी तरह नया रूप दे रहा है।
उनका कहना है, “AI के साथ जो कुछ हो रहा है, उसमें मैं इस अगले बड़े बदलाव को शुरू तो कर सकता था, लेकिन पूरा नहीं कर पाता।” लगभग एक साल पहले उन्हें एहसास हुआ कि अगले कुछ सालों में क्या होने वाला है। उन्होंने कहा, “आप एजेंटिक कॉमर्स को देख सकते थे, AI शॉपिंग का विजन साफ दिख रहा था। जब मैंने सोचा कि अगले सालों में क्या-क्या करना होगा, तो लगा कि अब सही समय है।”
इसे भी पढ़ें: US-Israel-Iran War: क्या होर्मुज स्ट्रेट पर ‘टोल बूथ’ बन रहा ईरान? 6 अप्रैल तक ऊर्जा ठिकानों पर हमला नहीं करेगा US
मैकमिलन का मतलब था कि AI शॉपिंग और रिटेल के नए तरीके इतने बड़े पैमाने पर बदलाव ला रहे हैं कि कंपनी को ऐसे लीडर की जरूरत है जो इन बदलावों को तेजी से आगे ले जा सके।
दोनों सीईओ ने ये साफ कहा कि उनका फैसला किसी समस्या या खराब परफॉर्मेंस की वजह से नहीं है। वे खुद मानते हैं कि AI की वजह से बिजनेस की अगली लहर के लिए नई लीडरशिप बेहतर रहेगी। कोका-कोला और वॉलमार्ट जैसी बड़ी कंपनियां अब AI को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही हैं, और ये बदलाव उसी की तैयारी लगता है।











