नलबाड़ी (असम), 26 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को सर्थेबारी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि राज्य में कोई भी अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिया स्थानीय असमिया खिलंजिया लोगों को डराने-धमकाने की हिम्मत नहीं कर सकता।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी ने इस तरह की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पहले भी ऐसे तत्वों पर सख्ती की गई है और भविष्य में और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
अगप चाय है, तो भाजपा उसमें डाली जाने वाली चीनी
इस दौरान उन्होंने असम गण परिषद (अगप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन की भी चर्चा की। उन्होंने गठबंधन की तुलना “बूंदिया और भुजिया” से करते हुए कहा कि दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि अगप चाय है, तो भाजपा उसमें डाली जाने वाली चीनी है और दोनों के मिलन से ही सही स्वाद आता है।
मुख्यमंत्री राजग प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे और उन्होंने राज्य के खिलंजिया (स्थानीय) लोगों के हितों की रक्षा के प्रति गठबंधन की प्रतिबद्धता दोहराई।

















