नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,03,700 करोड़ का बजट पेश किया है। बजट में महिला सुरक्षा को खासा प्राथमिकता दी गई है। बजट में महिला सुरक्षा के लिए 50 करोड़ रुपये की विशेष निधि आवंटित की गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट को पेश करते हुए कहा कि दिल्ली को फिर से ग्रीन दिल्ली बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार शहर के अंधेरे स्थानों की पहचान करेगी और इन जगहों पर नई लाइटें और संवेदक लगाए जाएंगे। इन लाइटों को आधुनिक बनाया जाएगा। सीएम रेखा गुप्ता का यह दूसरा बजट है।
9वीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिल, 10वीं के मेधावी छात्रों को लैपटॉप
दिल्ली सरकार ने इस बजट में छात्रों, व्यापारियों, गिग वर्कर्स, महिलाओं, नवजात शिशुओं और हेल्थ सेक्टर को लेकर बड़े एलान किए हैं। बजट में प्रदूषण, महिलाओं और युवाओं पर विशेष फोकस रखा गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार के स्कूलों में कक्षा 9 की 1.30 लाख बेटियों को मुफ्त साइकिलें उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस योजना के लिए 90 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं दसवीं के मेधावी छात्रों को लैपटॉप देने की घोषणा की गई है।
ट्रांसजेंडरों को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के दायरे में लाएगी सरकार
सीएम रेखा गुप्ता के अनुसार, दिल्ली सरकार ट्रांसजेंडरों को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के दायरे में लाने के लिए 202 करोड़ रुपये आवंटित करेगी। दिल्ली सरकार नए 750 आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर 1,500 करोड़ रुपये आवंटित करेगी। आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा अधूरे छोड़े गए सात आईसीयू अस्पतालों को 150 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। दिल्ली सरकार के 2026-27 के बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 12,645 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। बजट में जलभराव के समाधान के लिए 610 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। दिल्ली सरकार के बजट में दिल्ली जल बोर्ड को 9,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। जबकि अग्निशमन विभाग के लिए 674 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
बजट में एमसीडी को 1,000 करोड़ रुपये आवंटित
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2027 का बजट पेश करते हुए कहा कि दिल्ली में सड़क सुधार के लिए एमसीडी को 1,000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि धूल रहित सड़कों के लिए पीडब्ल्यूडी को बजट में 1,352 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण पर हमने पिछली बार 505 करोड़ का बजट था। इस बार 822 करोड़ का बजट रखा गया है। बजट में पार्क गार्डन के लिए 25 करोड़ और 300 करोड़ का फंड प्रदूषण की रोकथाम के लिए अलग से रखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 1000 मॉडर्न शौचायल बनाए जाएंगे। इनके रखरखाव का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।

















