उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से जासूसी का बड़ा मामला प्रकाश में आया है, जहां पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े 9 जासूसों को गिरफ्तार किया है। इसमें 5 नाबालिग हैं और अब तक इस मामले में पुलिस 15 संदिग्धों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप है कि ये सभी देश की संवेदनशील स्थानों की रेकी करके फोटो और वीडियो को पाकिस्तान में अपने आकाओं को भेज रहे थे।
गिरफ्तारी कब और कैसे हुई
रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजियाबाद पुलिस की एसआईटी ने शुक्रवार को ये गिरफ्तारियां की हैं। इंटेलीजेंस रिपोर्ट के आधार पर एजेंसी ने शुरुआती तौर पर पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा था, जिनसे पूछताछ के बाद कुछ नए नाम सामने आए थे। बाद में इन नाबालिगों को बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया है। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान गणेश (मेरठ निवासी, मूल नेपाल के लुंबिनी), गगन कुमार प्रजापति (मेरठ), विवेक (कौशांबी, मूल बिहार के पूर्णिया), और दुर्गेश निषाद (नवी मुंबई) के तौर पर हुई है। इसके अलावा बाकी पांच 15 से 17 साल के हैं। इनमें एक नौवीं क्लास का छात्र भी शामिल है, जो संवेदनशील जगहों की रेकी करता था और कैमरे लगाने में मदद करता था।
क्या-क्या बरामद हुआ
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए गए। बताया जाता है कि ये सभी पाकिस्तानी नंबरों, एक मलेशियाई नंबर और यूके के वर्चुअल नंबर से संपर्क में थे। ये लोग वॉट्सऐप पर तीन समूह में काम करते थे, जिन्हें पाकिस्तान में बैठा एक मास्टरमाइंड ‘सरदार’ चला रहा था।
इसे भी पढ़ें: इंटरनेट ब्लैकमेलर मीडियाकर्मी बनकर लूटते हैं, इसे डिजिटल अरेस्ट का दूसरा रूप बताया: सुप्रीम कोर्ट
पिछले दो साल से कर रहे थे रेकी
बताया जा रहा है कि जासूसों का ये गिरोह पिछले दो साल से देशभर में जासूसी कर रहे थे। इसके पहले चरण के तहत उन्होंने सैन्य ठिकानों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और बड़े उद्योगपतियों जैसे अडानी-अंबानी के घरों की लोकेशन, फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजे। दुर्गेश निषाद ने मुंबई बंदरगाह की रेकी की और वहां की जानकारी भेजी। वह ट्रक चलाता था, जिससे आसानी से घूमना संभव था। दूसरे चरण में योजना के तहत 50 से ज्यादा जगहों पर सोलर पावर से चलने वाले कैमरे लगाने की योजना बनाई थी।
अपनी इसी योजना के तहत दिल्ली कैंट और सोनीपत में कुछ कैमरे लगा भी चुके थे। इन कैमरों से लाइव फीड पाकिस्तान भेजी जाती थी। खुफिया एजेंसियां मानती हैं कि ये साजिश कश्मीर, दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में सिलसिलेवार हमलों की तैयारी का हिस्सा हो सकती है।

















