नई दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल (लाजपत जिला) द्वारा उत्तम नगर में हुई घटना के विरोध में अमर कॉलोनी मार्केट में प्रदर्शन कर तरुण के हत्यारों को फांसी की मांग की गई। कार्यक्रम का प्रारंभ तरुण कुमार की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट के मौन और हनुमान चालीसा के सार्वजनिक पाठ के साथ किया गया।
विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक हैं। सभी दोषियों व षड्यंत्रकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। गत 10 वर्षों में पांच दर्जन से अधिक हिंदुओं को अकेले दिल्ली में जिहादियों ने मौत के घाट उतार दिया किन्तु किसी एक को भी अभी तक फांसी नहीं हो पाई, आखिर क्यों? शासन प्रशासन व पुलिस में आखिर वे कौन लोग घुसपैठ कर बैठे हैं जो इन कट्टरपंथी हत्यारों को बचाकर हिंदुओं पर अनवरत हमलों के लिए प्रेरित कर रहे हैं? हम कल इन घटनाओं की सूची जारी करेंगे।
धरना-प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर न्याय की मांग उठाई।
विश्व हिंदू परिषद, लाजपत जिला अध्यक्ष करण कपूर ने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पूरी दिल्ली में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, लाजपत जिला सह मंत्री आशीष व बजरंगदल कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त, अमर कॉलोनी मार्केट एसोसिएशन, स्थानीय RWA, व्यापार मण्डल तथा स्थानीय प्रतिष्ठित लोगों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित थीं जिन्होंने जिहाद के विरुद्ध युद्ध का आह्वान किया।

















