13 मार्च को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट देखने को मिली। हालांकि गिरावट ज्यादा नहीं है, लेकिन इससे खरीदारों को थोड़ी राहत जरूर मिली है। पिछले कुछ समय से सोने और चांदी के दाम लगातार ऊपर-नीचे हो रहे थे। फिलहाल कीमतों में थोड़ी कमी आई है, लेकिन दोनों कीमती धातुएं अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के वायदा भाव में मामूली गिरावट दर्ज की गई। 2 अप्रैल 2026 एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर करीब 172 रुपये की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था। एमसीएक्स पर सोना 1,60,251 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला था। इससे पहले पिछले कारोबारी दिन सोना 1,60,271 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सुबह करीब 10:03 बजे तक गोल्ड फ्यूचर लगभग 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ ,60,099 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। हालांकि शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत थोड़ी बढ़कर 1,60,401 रुपये तक भी पहुंची थी, लेकिन बाद में बाजार में हल्की बिकवाली होने से कीमत में थोड़ी कमी आ गई। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, डॉलर की मजबूती और निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली की वजह से सोने की कीमतों में हल्की गिरावट आई है।
चांदी की कीमतों में भी आज थोड़ा दबाव देखने को मिला। एमसीएक्स पर 5 मई 2026 एक्सपायरी वाली चांदी लगभग 0.21 प्रतिशत गिरकर 2,67,397 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी। चांदी ने दिन की शुरुआत 2,66,001 रुपये प्रति किलो से की थी। कारोबार के दौरान इसका हाई लेवल 2,69,186 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा, लेकिन बाद में कीमत थोड़ी नीचे आ गई।
अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के ताजा दाम- खुदरा बाजार की बात करें तो अलग-अलग शहरों में चांदी की कीमतों में थोड़ा फर्क है। दिल्ली और कोलकाता में 10 ग्राम चांदी की कीमत करीब 2,800 रुपये है। यानी 100 ग्राम चांदी खरीदने के लिए लगभग 28,000 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। चेन्नई में 10 ग्राम चांदी करीब 2,900 रुपये में बिक रही है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत लगभग 2,799 रुपये है। सोने की कीमतों की बात करें तो दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,61,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। वहीं 22 कैरेट सोना 1,47,930 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,21,080 रुपये प्रति 10 ग्राम है। मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,61,240 रुपये, 22 कैरेट 1,47,800 रुपये और 18 कैरेट 1,20,930 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा है। चेन्नई में सोने की कीमत थोड़ी ज्यादा है, जहां 24 कैरेट सोना 1,62,560 रुपये प्रति 10 ग्राम है।














