मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और दुनिया के बदलते हालात की वजह से लोगों के मन में गैस सप्लाई को लेकर थोड़ी चिंता बढ़ गई है। कई जगहों पर लोग पहले से ही LPG सिलेंडर बुक कराने लगे हैं। इसी कारण गैस एजेंसियों के फोन नंबर अक्सर व्यस्त मिल रहे हैं और कई लोगों को कॉल करके सिलेंडर बुक करने में परेशानी हो रही है। लेकिन अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। आज के डिजिटल समय में गैस सिलेंडर बुक करने के कई आसान तरीके मौजूद हैं। अगर फोन कॉल नहीं लग रहा है तो आप घर बैठे कुछ ही मिनटों में अपना सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
व्हाट्सएप से करें बुकिंग- आज लगभग हर व्यक्ति व्हाट्सएप का इस्तेमाल करता है। गैस कंपनियों ने इसी को ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप से सिलेंडर बुक करने की सुविधा शुरू की है। अगर आप Indane Gas के ग्राहक हैं तो 7588888824 नंबर सेव करके ‘REFILL’ लिखकर व्हाट्सएप पर भेज दें। HP Gas के ग्राहक 9222201122 नंबर पर ‘Hi’ या ‘Book’ लिखकर मैसेज भेज सकते हैं। Bharat Gas के ग्राहक 1800224344 नंबर पर ‘Hi’ या ‘Book’ लिखकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इस तरीके में कॉल करने की जरूरत नहीं पड़ती और बुकिंग जल्दी हो जाती है। अगर आपके पास स्मार्टफोन नहीं है या इंटरनेट नहीं चल रहा है, तब भी आप SMS के जरिए सिलेंडर बुक कर सकते हैं। Indane Gas के ग्राहक 7718955555 नंबर पर ‘REFILL’ लिखकर SMS भेज सकते हैं। Bharat Gas के ग्राहक 7715012345 या 7718012345 नंबर पर ‘LPG’ लिखकर मैसेज भेज सकते हैं। यह तरीका साधारण मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए बहुत आसान है।
यह भी पढ़ें- कच्चे तेल से कैसे बनती है किचन में इस्तेमाल होने वाली LPG, क्या आपने कभी सोचा?
मिस्ड कॉल से भी हो जाएगी बुकिंग- अगर आप मैसेज टाइप नहीं करना चाहते तो सिर्फ एक मिस्ड कॉल देकर भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं। Indane Gas के लिए 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल दें। HP Gas के लिए 9493602222 नंबर पर मिस्ड कॉल करें। कुछ ही समय में आपकी बुकिंग दर्ज हो जाएगी।
मोबाइल ऐप से भी बुक करें- आज कई मोबाइल ऐप भी हैं जिनसे गैस सिलेंडर आसानी से बुक किया जा सकता है। Paytm, Amazon, PhonePe और UMANG जैसे ऐप पर LPG बुकिंग की सुविधा मिलती है। इन ऐप्स से आप ऑनलाइन पेमेंट भी कर सकते हैं और डिलीवरी की जानकारी भी देख सकते हैं। सिलेंडर बुक करते समय हमेशा वही मोबाइल नंबर इस्तेमाल करें जो आपकी गैस एजेंसी में रजिस्टर्ड है। इससे आपकी पहचान तुरंत हो जाती है और बुकिंग आसानी से पूरी हो जाती है।
















