देश के करोड़ों किसानों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) की 22वीं किस्त का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सरकार की जानकारी के मुताबिक 13 मार्च, शुक्रवार को किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये की किस्त भेजी जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम किसान के आधिकारिक अकाउंट से भी इसकी जानकारी दी गई है। जिन किसानों ने योजना की सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं, उनके खाते में यह पैसा सीधे ट्रांसफर किया जाएगा।
क्या है पीएम किसान योजना- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की एक बड़ी योजना है। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद देना है। इस योजना के तहत किसानों को हर साल 6000 रुपये दिए जाते हैं। यह पैसा एक साथ नहीं बल्कि तीन किस्तों में दिया जाता है। यानी हर चार महीने में किसानों के खाते में 2000 रुपये भेजे जाते हैं। इस योजना से देश के करोड़ों किसान लाभ उठा रहे हैं और उन्हें खेती से जुड़े खर्चों में कुछ आर्थिक सहारा मिलता है।
किन किसानों को नहीं मिलेगी किस्त- सरकार ने योजना के लिए कुछ जरूरी नियम बनाए हैं। अगर कोई किसान इन नियमों को पूरा नहीं करता है, तो उसके खाते में किस्त का पैसा नहीं आएगा। सबसे जरूरी है ई-केवाईसी। जिन किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है, उन्हें किस्त नहीं मिलेगी। इसलिए किसानों को जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। इसके अलावा अब फार्मर आईडी बनाना भी जरूरी हो गया है। अगर किसान की फार्मर आईडी नहीं बनी है, तो भी पैसा अटक सकता है। कई बार बैंक से जुड़ी छोटी गलतियों की वजह से भी पैसा नहीं पहुंचता। अगर बैंक खाते से आधार कार्ड लिंक नहीं है, तो भी किस्त रुक सकती है। इसके अलावा बैंक खाते का केवाईसी पूरा होना भी जरूरी है। इसलिए किसानों को अपने बैंक खाते की जानकारी सही और अपडेट रखनी चाहिए।
इन लोगों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ- इस योजना का फायदा हर कोई नहीं ले सकता। एक परिवार में सिर्फ एक ही सदस्य को इसका लाभ मिलता है। परिवार में पति, पत्नी और बच्चे शामिल होते हैं। अगर किसी व्यक्ति को हर महीने 10 हजार रुपये या उससे ज्यादा पेंशन मिलती है, या वह इनकम टैक्स देता है या सरकारी नौकरी में है, तो उसे पीएम किसान योजना का लाभ नहीं मिलता। अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके खाते में 2000 रुपये आएंगे या नहीं, तो आप इसे ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां Farmer Corner में जाकर Beneficiary List पर क्लिक करें। इसके बाद अपना राज्य, जिला और गांव का नाम भरें और Get Report पर क्लिक करें। अगर इस सूची में आपका नाम है, तो आपके खाते में 2000 रुपये की किस्त जरूर आएगी।














