गैरसैंण/उत्तराखंड । उत्तराखंड में पहली बार सेना में अग्निवीर सैनिकों के रूप में चयनित कैडेट्स के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 200 अग्निवीर कैडेट्स और 200 पूर्व सैनिक साहिबान उपस्थित रहे, जिससे माहौल देशभक्ति और उत्साह से भर गया।
उत्तराखंड की वीरभूमि का गौरव
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने हमेशा देश को साहसी और समर्पित सैनिक दिए हैं। उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर अत्यंत गर्व का क्षण है, जब राज्य के युवा अग्निवीर सैनिक बनकर देश की सुरक्षा का दायित्व संभालने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
यूथ फाउंडेशन की उपलब्धि
कार्यक्रम में बताया गया कि यूथ फाउंडेशन द्वारा इस वर्ष 752 कैडेट्स को सेना भर्ती के लिए भेजा गया था, जिनमें से 710 कैडेट्स का चयन हुआ है। यह उपलब्धि राज्य के युवाओं के परिश्रम और अनुशासन का प्रमाण है। इन चयनित कैडेट्स में से 200 अग्निवीर कैडेट्स मुख्यमंत्री धामी से संवाद कर रहे हैं और उनसे आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
अग्निवीर योजना को लेकर मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर योजना को लेकर विपक्ष द्वारा अक्सर भ्रांतियां फैलाने की कोशिश की जाती है, लेकिन आज का यह सुखद दृश्य स्वयं बताता है कि उत्तराखंड सहित पूरे देश के हजारों युवाओं ने गर्व के साथ अग्निवीर सैनिक के रूप में राष्ट्र सेवा का दायित्व स्वीकार किया है।
सेवा के बाद रोजगार के अवसर
उन्होंने यह भी कहा कि जब अग्निवीर सैनिक अपनी सेवा पूर्ण कर वापस आएंगे, तब उनके लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न भर्तियों में पद आरक्षित किए गए हैं। इसके साथ ही देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भी अग्निवीर सैनिकों के लिए रोजगार के अवसर सुरक्षित रखने की पहल की है।
युवाओं के अनुशासन और निष्ठा की सराहना
मुख्यमंत्री धामी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सेवाएं देश के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहेंगी। उन्होंने युवाओं के अनुशासन, ईमानदारी, देश और समाज के प्रति निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यह गुण उन्हें जीवनभर सम्मान दिलाएंगे।
उन्होंने कहा कि देश के नागरिक अग्निवीर सैनिकों को हमेशा सम्मान और गर्व की दृष्टि से देखते हैं।
भावुक माहौल में राष्ट्र सेवा के लिए विदाई का भाव
कार्यक्रम का माहौल उस समय और भावुक हो गया जब मुख्यमंत्री धामी ने इन युवा अग्निवीर कैडेट्स को मानो तिलक लगाकर राष्ट्र सेवा के लिए विदा करने का भाव व्यक्त किया। यह दृश्य उत्तराखंड की वीर परंपरा और देशभक्ति की भावना का सशक्त प्रतीक बन गया।
कैडेट्स के सवालों के जवाब और सेल्फी
सीएम धामी से अग्निवीरो ने सवाल भी किए जिसका उन्होंने भावुक अंदाज में उत्तर दिए और कैडेट्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई और उन्हें भोजन भी वितरित किया।
पूर्व सैनिकों की उपस्थिति और स्वागत
इस अवसर पर करीब दो सौ पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे। इससे पूर्व यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने सीएम धामी का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।
यूथ फाउंडेशन की पहल की सराहना
सीएम धामी ने यूथ फाउंडेशन के द्वारा युवाओं को सेना भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिए जाने की भीं। सराहना की। उल्लेखनीय है अभी तक यूथ फाउंडेशन ने 15 हजार से अधिक युवाओं को प्रारंभिक ट्रेनिंग देकर सेना में भर्ती के लिए तैयार करके भेजा है।

















