होली का त्योहार बीत चुका है, लेकिन देशभर के करोड़ों किसानों की नजर अब भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त पर टिकी हुई है। कई किसानों को उम्मीद थी कि होली से पहले उनके खाते में 2,000 रुपये की किस्त आ जाएगी, लेकिन सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। ऐसे में त्योहार से पहले किस्त जारी नहीं हो सकी। अब सवाल यह है कि आखिर 22वीं किस्त कब आएगी और किसानों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
अब तक 21 किस्तें हो चुकी हैं जारी- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक किसानों को 21 किस्तों का लाभ मिल चुका है। इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। हर चार महीने में 2,000 रुपये सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं। अब सभी लाभार्थियों को 22वीं किस्त का इंतजार है। हालांकि कृषि मंत्रालय की ओर से अभी तक 22वीं किस्त की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में 13 मार्च की तारीख चर्चा में है। खबरों के मुताबिक, 13 मार्च को प्रधानमंत्री Narendra Modi असम दौरे पर जा सकते हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इसी दिन किसानों के खाते में 22वीं किस्त जारी की जा सकती है या इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। हालांकि, जब तक सरकार की ओर से औपचारिक सूचना जारी नहीं होती, तब तक किसानों को अफवाहों से बचकर आधिकारिक पोर्टल या विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी लेनी चाहिए।
कुछ किसानों को मिल सकते हैं 4,000 रुपये- इस बार 22वीं किस्त के साथ कुछ किसानों को 4,000 रुपये भी मिल सकते हैं। दरअसल, जिन किसानों की 21वीं किस्त तकनीकी कारणों से अटक गई थी, उनकी पिछली किस्त 22वीं किस्त के साथ ट्रांसफर की जा सकती है। यानी ऐसे लाभार्थियों को एक साथ दो किस्तों का लाभ मिल सकता है। हालांकि यह सुविधा केवल उन्हीं किसानों को मिलेगी जिनकी पिछली किस्त वैध कारणों से रुकी थी और जिनका डेटा अब अपडेट हो चुका है। 22वीं किस्त से पहले लाखों किसानों के लिए जरूरी है कि वे अपनी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर लें, वरना उनकी किस्त अटक सकती है। सबसे अहम प्रक्रिया है e-KYC। अगर किसी लाभार्थी किसान ने अब तक e-KYC नहीं कराया है, तो उसकी अगली किस्त रोकी जा सकती है। सरकार ने साफ कर दिया है कि e-KYC अनिवार्य है। किसान इसे ऑनलाइन या अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर पूरा कर सकते हैं।
PM Kisan App से करें e-KYC- किसानों की सुविधा के लिए सरकार ने मोबाइल ऐप भी उपलब्ध कराया है। PM Kisan App के जरिए किसान घर बैठे ही e-KYC की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए आधार नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जरूरत होती है। OTP के माध्यम से सत्यापन के बाद e-KYC पूरी हो जाती है। सिर्फ e-KYC ही नहीं, बल्कि किसानों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि- बैंक खाते की जानकारी सही हो, आधार नंबर बैंक खाते से लिंक हो, जमीन के रिकॉर्ड सही और अपडेटेड हों,आवेदन में कोई त्रुटि न हो। अगर इनमें से किसी भी जानकारी में गड़बड़ी पाई जाती है, तो किस्त रोकी जा सकती है।














