ईरान में हमला करके उसके सुप्रीम लीडर अली खामेनेई, उसके बेटे, बेटी समेत अन्य शीर्ष नेतृत्व को खत्म करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी बात कही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अभी तो हमने तेजी नहीं दिखाई है। हमलों की सबसे बड़ी लहर तो अभी आने वाली है। ट्रंप और नेतन्याहू एक ही सुर में बात कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वो ईरानी लोगों को सत्ता बदलने का मौका दे रहे हैं।
सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में ग्राउंड ट्रूप्स यानि की जमीनी सेना उतारने का इशारा किया है। साथ ही कहा कि ईरान में अमेरिकी अभियान में करीब एक माह या उससे अधिक का वक्त लग सकता है। उन्होंने ये भी कहा कि अभी तो ये शुरुआत है औऱ बड़े हमले हमने किए भी नहीं हैं। वह कहते हैं, “हमने अभी उन्हें जोर से मारा भी नहीं है। सबसे बड़ी लहर अभी बाकी है। बड़ा वाला जल्द आने वाला है।”
सैन्य कार्रवाई और सफलताएं
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इज़रायल ने मिलकर ईरान के खिलाफ ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत लगातार स्ट्राइक कर रहे हैं। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और जनरल डैन केन ने बताया कि पहले 24 घंटों में 100 अमेरिकी विमानों ने एक साथ हमला किया और 1,000 टारगेट्स को निशाना बनाया गया। हेगसेथ का दावा है कि अमेरिका ने ईरान के ऊपर हवाई वर्चस्व हासिल कर लिया है।
वहीं इज़रायली डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने 600 ईरानी साइट्स तबाह कीं, जिनमें 20 सिक्योरिटी लीडरशिप वाली जगहें, 150 बैलिस्टिक मिसाइलें और लॉन्चर, 200 एयर डिफेंस सिस्टम शामिल हैं। इज़रायली एयर फोर्स ने 2,500 से ज्यादा बम गिराए। ईरान के कई सैनिक मारे गए जो एयर डिफेंस चला रहे थे।
इजरायल के दरवाजे तक पहुंचा युद्ध
सोमवार को युद्ध और फैल गया। हिजबुल्लाह ने एक साल से ज्यादा समय बाद इज़रायल पर रॉकेट दागे, जिसके जवाब में इज़रायल ने बेरूत और उत्तरी इलाकों में हमले किए। लेबनान सरकार ने हिजबुल्लाह की मिलिट्री एक्टिविटी पर बैन लगा दिया, लेकिन हिजबुल्लाह ने इसका विरोध किया।
ईरान ने भी इज़रायल पर मिसाइलें दागीं। बीयरशेबा में 19 लोग घायल हुए। ईरान ने दावा किया कि नेतन्याहू के ऑफिस और इज़रायली एयर फोर्स हेडक्वार्टर पर हमला किया, लेकिन नेतन्याहू के ऑफिस ने इसे फेक बताया।
खाड़ी देशों पर हमले कर रहा ईरान
ईरान ने गल्फ देशों पर भी हमले किए। सऊदी अरब के रास तनूरा रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला हुआ, आग लग गई। कतर ने दो ईरानी Su-24 बॉम्बर गिराए और कई मिसाइलें-ड्रोन रोके। UAE ने 9 बैलिस्टिक मिसाइलें, 6 क्रूज मिसाइलें और 148 ड्रोन इंटरसेप्ट किए। ईरान ने शनिवार से UAE पर 174 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।
अमेरिकी नुकसान और तैयारी
अमेरिका के 6 सैनिकों की मौत हुई है। दो सैनिकों के शव बरामद कर लिए गए। कुवैत की फोर्सेस से फ्रेंडली फायर में तीन अमेरिकी प्लेन गिरे, लेकिन कोई मौत नहीं हुई। ट्रंप ने कहा कि और नुकसान हो सकते हैं, लेकिन वे जीतने के लिए लड़ रहे हैं। ट्रंप ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम, परमाणु कार्यक्रम, नेवी और प्रॉक्सी ग्रुप्स को सपोर्ट खत्म करने की बात की। उन्होंने कहा कि ईरान की नेवी के 10 जहाज डुबोए जा चुके हैं। हेगसेथ ने कहा कि यह इराक जैसा लंबा युद्ध नहीं है, कोई नेशन-बिल्डिंग नहीं, सिर्फ जीतने की लड़ाई है।
















