1st March Rules Change: SIM से लेकर LPG तक… 1 मार्च से बदलेंगे ये नियम
सबसे बड़ा बदलाव मैसेजिंग ऐप्स से जुड़ा है। नए नियमों के तहत WhatsApp, Telegram और Signal अब आपके एक्टिव SIM कार्ड से जुड़े रहेंगे।
Published by
Mahak Singh
Mar 1, 2026, 11:10 am IST
1st March Rules Change
1 मार्च 2026 से आम जनता की जिंदगी पर कई अहम बदलाव लागू हो रहे हैं, जिनका असर मोबाइल, बैंकिंग और रोजमर्रा के कामों पर दिखाई देगा। इनमें SIM बाइंडिंग, रेलवे टिकटिंग, LPG कीमतों और डिजिटल पेमेंट के नियम शामिल हैं।
सबसे बड़ा बदलाव मैसेजिंग ऐप्स से जुड़ा है। नए नियमों के तहत WhatsApp, Telegram और Signal अब आपके एक्टिव SIM कार्ड से जुड़े रहेंगे। इसका मतलब है कि अगर आप अपने फोन से SIM निकालते हैं, तो ये ऐप्स काम नहीं करेंगे। पहले यूजर्स बिना SIM भी इन ऐप्स का इस्तेमाल कर सकते थे। इस कदम के पीछे सरकार का मकसद डिजिटल फ्रॉड रोकना है, खासकर SIM स्वैप और नकली रजिस्ट्रेशन के मामलों में। WhatsApp Web जैसी डेस्कटॉप सर्विस भी अब हर 6 घंटे में अपने आप लॉग आउट हो जाएगी।
डिजिटल पेमेंट और बैंकिंग में भी नए नियम लागू होंगे। बड़े UPI ट्रांजैक्शन में सिर्फ PIN नहीं, बल्कि बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की जरूरत होगी। कुछ सरकारी बैंकों में मिनिमम बैलेंस न रखने पर लगने वाले जुर्माने के नियमों में बदलाव हुआ है, जिससे ग्राहकों को राहत मिलेगी।
कुकिंग गैस और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी बदलाव हुआ है। दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 1740.50 रुपये है, जो पहले से 28-31 रुपये कम है। 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत स्थिर रही। तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमत और डॉलर की चाल के आधार पर रेट रिव्यू करती हैं।
रेलवे टिकट बुकिंग के नियम भी बदल गए हैं। अब जनरल, प्लेटफॉर्म और सीजन टिकट नए Rail One App के जरिए ही बुक किए जा सकते हैं। पुराना UTS ऐप बंद हो गया है, लेकिन पुराने वॉलेट में रखे पैसे नए ऐप में उसी नंबर से ट्रांसफर किए जा सकते हैं।
रेंटिंग नियमों में भी बदलाव आए हैं। अब नए एग्रीमेंट के लिए डिजिटल रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। सिक्योरिटी डिपॉजिट अधिकतम दो महीने के किराए तक ही लिया जा सकेगा। मकान मालिक बिना 24 घंटे का नोटिस दिए घर में नहीं आ सकेंगे।