शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गाजियाबाद के लोनी में एक्स मुस्लिम और यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर उनके ही दफ्तर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने कथित तौर पर उनकी गर्दन पर वार किया और पेट में चाकू घोंपकर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुट गई है।
हेलमेट पहने थे बदमाश
जानकारी के अनुसार, लोनी थाना क्षेत्र की अली गार्डन कॉलोनी में रहने वाले 50 वर्षीय सलीम वारसी, जो यूट्यूब पर सलीम वास्तिक 0007 नाम से चैनल चलाते हैं, अपने घर स्थित कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। वे सीधे दफ्तर के अंदर घुसे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
इस्लामिक मुद्दों पर वीडियो बनाते थे सलीम वास्तिक
बताया जा रहा है कि यूट्यूबर सलीम वास्तिक हमला मामले की पृष्ठभूमि में उनके वीडियो भी एक कारण हो सकते हैं। वह अपने चैनल पर इस्लाम और उससे जुड़े सामाजिक मुद्दों और कुरीतियों पर वीडियो बनाते थे। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी वजह से कुछ लोगों से उनकी रंजिश चल रही थी।
हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे की सटीक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जीटीबी अस्पताल में चल रहा इलाज
हमले के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी अफसाना और पुत्र उस्मान गहरे सदमे में हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बता दें कि लोनी थाना पुलिस और एसीपी सिद्धार्थ गौतम के नेतृत्व में टीम जांच में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल गाजियाबाद क्राइम न्यूज़ का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।













