उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। छापेमारी में हल्दीराम के स्टोरेज एसआर सेल्स में 112 किग्रा एक्सपायर मिठाइयां बरामद की गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही एक्सपायर्ड सोनपापड़ी और राजभोग को नष्ट कर दिया।
112 किग्रा एक्सपायर्ड सोनपापड़ी-राजभोग को नष्ट किया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने गुरुवार (26 फरवरी) को शहर के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान हल्दीराम के स्टोरेज सहित कई कोल्ड स्टोरेज और संस्थानों से भारी मात्रा में मिलावटी व एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ बरामद किए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मोहिबुल्लापुर स्थित हल्दीराम के स्टोरेज एसआर सेल्स में छापेमारी के दौरान 112 किग्रा एक्सपायर सोनपापड़ी-राजभोग बरामद किया। इसे उन्होंने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
उपयोग की सीमा खत्म होने के बाद उत्पाद को अलग कम्पार्टमेंट में रखें
खाद्य विभाग का कहना है कि उपयोग की सीमा खत्म होने के बाद उत्पाद को अलग कम्पार्टमेंट में रखना चाहिए। यह उत्पाद बिक्री और इंसानों के खाने योग्य नहीं है इसका बोर्ड लगाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कारोबारी ने एक्सपायर्ड उत्पादों के लिए अलग कम्पार्टमेंट तो बनाया था, लेकिन ये वहां नहीं रखे थे। इन्हें वहां रखा गया था, जहां से बिक्री के लिए लगातार उत्पाद निकाले जा रहे थे।
55.91 लाख रुपये का खोया सीज
पूरे शहर में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 10,415 किलो मसाले और खोया भी सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 55.91 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों ने छापेमारी में असॉर्टेड पेड़ा, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, पेठा और गुजिया के नमूने भी जांच के लिए सील किए हैं।
नागरिकों के लिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से कई अन्य जगहों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ताकि स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति सचेत किया जा सके। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि त्योहारों और शादियों के सीजन को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिल सकें। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















