उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जनपद आगरा भ्रमण के दौरान मण्डलायुक्त आगरा/रोल प्रेक्षक नागेन्द्र प्रताप तथा जिला निर्वाचन अधिकारी, आगरा श्री अरविन्द मलप्पा बंगारी की उपस्थिति में आयुक्त सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम की प्रगति के संबंध में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सर्वप्रथम जनपद के विधान सभावार डिजिटलाईज़ किये गये फार्म, ईपी रेशियो, जेण्डर रेशियो रिपोर्ट, विधान सभावार अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक, डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण, ईआरओनेट पर फार्म- 6, 6ए, 7 एवं 8 की अद्यतन इन्ट्री आदि की रिपोर्ट के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गयी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस जनरेशन, प्रिंटिंग, सुनवाई, बुक ए कॉल विद बीएलओ, 1950 तथा एनजीएसपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण, नोटिस सुनवाई स्थल की व्यवस्थाओं आदि की जानकारी प्राप्त कर संबंधित को दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी बूथ लेवल अधिकारी एवं बीएलओ सुपरवाईजरों को ससमय मानदेय की धनराशि निर्गत करने तथा कोई भी मानदेय लम्बित न रखने के निर्देश भी दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि नए वोटर्स को जोड़ने हेतु भरे जाने वाले फॉर्म-6 में नागरिकों की साफ व स्पष्ट फोटो लगाई जाए। अभी तक भरे गए फार्मों में से जिन फॉर्मों में फोटो स्पष्ट नहीं आ रही हो, उनमें सही फोटो जरूर लगवायें। फॉर्म भरने के दौरान आवेदक का पूरा पता और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
नोटिस सुनवाई की प्रगति
समीक्षा बैठक में यह पाया गया कि नोटिस सुनवाई के राज्य औसत 65.53 प्रतिशत के सापेक्ष विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 86-एत्मादपुर में 83.52 प्रतिशत, 94-बाह में 67.56 प्रतिशत, 93-फतेहाबाद में 59.42 प्रतिशत 90-आगरा ग्रामीण में 58.15 प्रतिशत, 92-खैरागढ़ में 57.94 प्रतिशत, 87-आगरा कैण्ट में 55.72 प्रतिशत, 91-फतेहपुर सीकरी में 50.54 प्रतिशत, 89-आगरा उत्तर में 47.21 प्रतिशत तथा 88-आगरा दक्षिण में 44.25 प्रतिशत सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है। उन्होंने राज्य औसत से अधिक प्रगति लाने के लिए 86-एत्मादपुर एवं 94-बाह के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की सराहना की।
बुक कॉल विद बीएलओ
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा ईसीआईनेट ऐप तथा voters.eci.gov.in पर नागरिकों हेतु उपलब्ध बुक अ कॉल विद बीएलओ सुविधा के अंतर्गत बुक की गई कॉल के निस्तारण की समीक्षा भी की गई। समीक्षा में पाया गया कि जनपद में 48 घण्टे से अधिक समय की कोई भी कॉल लंबित नही है। उन्होंने बताया कि बुक अ कॉल में बीएलओ उपलब्धता में मिजोरम के बाद उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। उन्होंने यह भी बताया कि शिकायतों के निस्तारण हेतु एनजीएसपी में मतदाताओं द्वारा दिए गए फीडबैक में देश में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति संतोषजनक पायी गयी। उनके द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार सजगता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने के निर्देश दिए गये।
राजनैतिक दलों के साथ बैठक
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा आयुक्त सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके उन्हें नोटिस सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी दी गयी। बैठक में राजनैतिक दलों यथा आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनके सुझाव लिए एवं एसआईआर प्रक्रिया में उनके द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना भी की। उन्होंने समस्त राजनैतिक दलों से आग्रह किया कि सभी दलों के बूथ लेवल एजेण्ट ज़्यादा से ज़्यादा नये एवं युवा वोटर्स को जोड़ने का काम करें।
नोटिस सुनवाई केन्द्रों का निरीक्षण
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा तहसील सदर स्थित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 87-आगरा कैण्ट तथा 88-आगरा दक्षिण के नोटिस सुनवाई केंद्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान नोटिस सुनवाई केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था एवं नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। सुनवाई केंद्रों पर उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नोटिस सुनवाई केंद्रों पर आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया। लोकतंत्र की मज़बूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है और प्रशासन का दायित्व है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार के प्रयोग में कोई असुविधा न हो।
बीएलओ के साथ संवाद तथा सम्मान कार्यक्रम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा नोटिस सुनवाई केंद्र के निरीक्षण के उपरांत सूरसदन प्रेक्षागृह आगरा में आयोजित संवाद कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्रों 86-एत्मादपुर, 87-आगरा कैण्ट, 88-आगरा दक्षिण, 89-आगरा उत्तर, 90-आगरा ग्रामीण, 91-फतेहपुर सीकरी, 92-खैरागढ़, 93-फतेहाबाद तथा 94-बाह के बूथ लेवल अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजरों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गयी तथा उनसे संवाद करते हुए कार्य में हो रही तकनीकी और व्यावहारिक कठिनाइयों को जानने का प्रयास किया गया। बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजरों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए गये।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि लोकतन्त्र की सुदृढ़ता का आधार है। बूथ लेवल अधिकारी ‘‘डेमोक्रेसी वॉरियर्स’’ के रूप में कार्य कर रहे हैं और उनके समर्पण से ही मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।

















