होली खुशियों, रंगों और आपसी प्रेम का त्योहार है। लेकिन आजकल बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त रंग त्वचा, आंखों और बालों के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। इनमें मिलाए गए रसायन एलर्जी, खुजली और स्किन इंफेक्शन जैसी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। ऐसे में सबसे अच्छा विकल्प है घर पर प्राकृतिक और सुरक्षित ऑर्गेनिक गुलाल बनाना। यह न सिर्फ सेहत के लिए सुरक्षित होता है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी नुकसानदायक नहीं होता। घर पर ऑर्गेनिक गुलाल बनाना बेहद आसान है और इसके लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। इसे आप रोजमर्रा की चीजों से ही तैयार कर सकते हैं।
गुलाल बनाने के लिए आवश्यक सामग्री- बेसन, अरारोट या कॉर्न फ्लोर, हल्दी पाउडर (पीले रंग के लिए), चुकंदर पाउडर (गुलाबी या लाल रंग के लिए), पालक या धनिया पत्तियों का सूखा पाउडर (हरे रंग के लिए), सूखे फूलों की पंखुड़ियां जैसे गुलाब, गेंदा या पलाश।
बनाने की विधि- पीला रंग- बेसन या अरारोट में थोड़ी सी हल्दी मिलाएं और अच्छे से छान लें। इससे प्राकृतिक और खुशबूदार पीला गुलाल तैयार हो जाएगा।
गुलाबी / लाल रंग- चुकंदर को पतले स्लाइस में काटकर धूप में सुखा लें। पूरी तरह सूख जाने के बाद इसे मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लें। फिर इसे बेसन या अरारोट में मिलाएं।
हरा रंग- पालक या धनिया पत्तियों को धोकर सुखा लें। जब ये पूरी तरह सूख जाएं, तब इन्हें पीसकर पाउडर बना लें और बेसन में मिलाएं।
यह भी पढ़ें – Holi 2026 Date: 3 या 4 मार्च? जानिए होली की सही तारीख और स्वादिष्ट गुजिया बनाने का तरीका
फूलों से गुलाल- गुलाब, गेंदा या पलाश के सूखे फूलों को पीसकर सुंदर और सुगंधित गुलाल बनाया जा सकता है। घर पर बना ऑर्गेनिक गुलाल पूरी तरह केमिकल-फ्री होता है, जिससे त्वचा को कोई नुकसान नहीं पहुंचता। यह आंखों के लिए सुरक्षित होता है और बच्चों के लिए भी बिल्कुल सही विकल्प है। साथ ही यह पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचाता और पानी को प्रदूषित नहीं करता। गुलाल बनाते समय सामग्री को अच्छे से सुखा लें ताकि नमी न रहे। पाउडर को अच्छी तरह छान लें जिससे मोटे कण अलग हो जाएं। इसे सूखी और एयरटाइट डिब्बी में रखें।

















