इस वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा 13-15 मार्च तक समालखा (हरियाणा) स्थित ग्राम विकास एवं सेवा साधना केंद्र में होगी। यह जानकारी संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख श्री सुनील आंबेकर ने एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी है। उन्होंने बताया कि संघ की दृष्टि से यह सर्वोच्च निर्णायक इकाई की बैठक होती है।
यह वर्ष संघ शताब्दी का होने के नाते शताब्दी निमित्त आयोजित विजयादशमी उत्सव, गृह संपर्क, हिंदू सम्मेलन, युवा सम्मेलन, प्रमुख नागरिक गोष्ठी, सामाजिक सद्भाव बैठकें आदि कार्यक्रमों तथा अभियानों के वृत्तांत के साथ-साथ अनुभवों पर बैठक में विशेष चर्चा रहेगी। प्रतिनिधि सभा में गत वर्ष 2025-26 के संघ कार्य की समीक्षा तथा प्रांतों में हुए विशेष कार्यों का निवेदन होगा।
बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर चर्चा के साथ ही कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे। संघ शाखाओं द्वारा अपेक्षित सामाजिक परिवर्तन के कार्यों सहित विशेष रूप से पंच परिवर्तन के प्रयासों की चर्चा अपेक्षित है। संघ शिक्षा वर्ग तथा कार्यकर्ता विकास वर्ग सहित अन्य प्रशिक्षण वर्गों की योजनाओं पर विचार-विमर्श तथा आगामी वर्ष की संघ कार्य योजना का निर्धारण किया जाएगा।
बैठक में सरसंघचालक श्री मोहनराव भागवत, सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले तथा सभी सह सरकार्यवाह एवं अन्य पदाधिकारियों सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे। बैठक में मुख्य रूप से निर्वाचित प्रतिनिधि, प्रांत व क्षेत्र स्तर के प्रमुख पदाधिकारी सहित कुल 1,489 कार्यकर्ता अपेक्षित हैं। बैठक में संघ प्रेरित विविध 32 संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री एवं संगठन मंत्री भी अपेक्षित रहेंगे।

















