विधान सभा में बृहस्पतिवार को रमजान के दौरान रोजा इफ्तार तथा सहरी के वक्त लाउडस्पीकर की अनुमति देने की मांग गई। समाजवादी पार्टी के कमाल अख्तर ने रोजा इफ्तार व सहरी के समय लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना दिए जाने की अनुमति देने की बात कही। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मांग पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला दिया और इस मांग को खारिज कर दिया।
विधानमंडल बजट सत्र के नौवें दिन विधान सभा में समाजवादी पर्टी के सदस्य कमाल अख्तर ने कहा कि सरकार त्योहारों के समय लाउडस्पीकर अनुमति देती रही है। जैसे रामलीला में लाउडस्पीकर की अनुमति दी जाती है, उसी तरह रोजे में भी अनुमति दी जाय। कमाल अख्तर के इस सवाल पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि इसकी अनुमति नहीं पर विचार नहीं किया जा सकता है। वैसे भी यह परंपरा उस समय की है, जब घड़ियां नहीं होती थीं। सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि रात में 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर नहीं बजेगा।
















