
ब्रिटेन के राजा चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई प्रिंस एंड्र्यू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी गंभीर आरोपों के आधार पर की गई है, जिसमें यौन शोषण और अवैध गतिविधियों के संबंध में जांच शामिल है। गुरुवार को थेम्स वैली पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि उन्होंने साठ साल के एक व्यक्ति को पब्लिक ऑफिस में गलत काम करने के संदेह में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाम सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन जांच से जुड़े सूत्रों ने साफ कर दिया कि यह व्यक्ति पूर्व प्रिंस एंड्रयू ही हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस उन रिपोर्टों की जांच कर रही है, जिनमें दावा किया गया है कि एंड्रयू ने वर्ष 2010 में कुख्यात फाइनेंसर और यौन अपराधों के दोषी जेफरी एपस्टीन को व्यापार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ और रिपोर्टें भेजी थीं।
सार्वजनिक हुए 30 लाख गोपनीय दस्तावेज- हाल ही में अमेरिकी सरकार ने 30 लाख से अधिक गोपनीय फाइलें सार्वजनिक की हैं। इन फाइलों में प्रिंस एंड्रयू से जुड़े कई ईमेल, तस्वीरें और वीडियो शामिल हैं। इन दस्तावेज़ों से यह सामने आया है कि एंड्रयू और एपस्टीन के बीच काफी करीबी संबंध थे। कुछ तस्वीरों में एंड्रयू महिलाओं के साथ आपत्तिजनक परिस्थितियों में नजर आ रहे हैं। हालांकि इन तस्वीरों में महिलाओं के चेहरे छिपाए गए हैं और यह साफ नहीं है कि ये तस्वीरें कब और कहां ली गई थीं, लेकिन इनके सामने आने से जनता में चिंता और गुस्सा दोनों बढ़ गया है।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन तस्वीरों और दस्तावेजों की जांच गंभीरता से की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या एंड्रयू ने अपनी स्थिति का गलत इस्तेमाल किया और क्या उन्होंने किसी गैरकानूनी गतिविधि में मदद की। अगर आरोप सही साबित होते हैं, तो यह ब्रिटिश शाही परिवार की प्रतिष्ठा को गहरा नुकसान पहुंचा सकता है।