नई दिल्ली (हि.स.) । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केरल पीएफआई मामले में तीन साल से फरार चल रहे आरोपित मोईदीनकुट्टी पी को संयुक्त अरब अमीरात से भारत लौटने पर कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
पीएफआई में शारीरिक प्रशिक्षण समन्वयक की भूमिका
एनआईए ने बताया कि मलप्पुरम जिले के वलंचेरी निवासी मोईदीनकुट्टी प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) में शारीरिक प्रशिक्षण का समन्वयक था और सितंबर 2022 में केस दर्ज होने के बाद देश से भाग गया था।
छापेमारी में आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद
एजेंसी ने पहले उसके घर पर छापेमारी कर आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए थे। जांच में सामने आया कि पीएफआई और उसके नेताओं ने युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने की साजिश रची थी। आरोप है कि साल 2047 तक भारत में इस्लामी शासन स्थापित करने के लिए युवाओं को हथियार चलाने और धन जुटाने की ट्रेनिंग दी जाती थी।
संगठन की विभिन्न इकाइयों का खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि संगठन ने ‘रिपोर्टर्स इकाई’, ‘शारीरिक और शस्त्र प्रशिक्षण इकाई’ तथा ‘सेवा दल’ जैसी शाखाएं बनाई थीं। पीएफआई अपने कैंपस और सुविधाओं का इस्तेमाल शारीरिक शिक्षा और योग प्रशिक्षण के नाम पर हथियारों की ट्रेनिंग देने के लिए करता था।
65 आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
एनआईए अब तक इस मामले में 65 आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और जांच जारी है।















