ऋषिकेश: प्रशासन ने चार धाम यात्रा पंजीकरण में शुल्क लिए जाने की तैयारी शुरू कर दी है। चारधाम के साथ साथ श्री हेमकुंड साहिब और अन्य मंदिरों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी पंजीकरण के समय शुल्क देना पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, अप्रैल माह की 20 तारीख से चार धाम यात्रा शुरू हों रही है जिसके लिए इसी सप्ताह से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होने जा रहा है। इस बारे में होटल संचालकों के बार-बार मांग की जा रही थी कि कई यात्री ऑनलाइन पंजीकरण कराने के बाद यात्रा में नहीं पहुंचते हैं।
फर्जी पंजीकरण से कई बार होटल में ठहरने वाले यात्रियों को पंजीकरण नहीं मिलता है, इस बारे में प्रशासनिक तौर पर विचार विमर्श हुआ है। शुल्क की राशि तय करने के लिए अपर आयुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई है जोकि अगले एक दो दिन में इस बारे में निर्णय देगी। माना जा रहा है कि शुल्क 50 रु प्रति यात्री तक लिया जा सकता है। हालांकि इस बारे में अभी धामी सरकार के रुख का भी इंतजार किया जा रहा है।















