टमाटर एक ऐसा फल है जिसे हर घर में आसानी से उगाया जा सकता है। अगर आपके पास ज्यादा जगह नहीं है, तो आप टमाटर गमले में भी उगा सकते हैं। गमले में टमाटर उगाना बहुत आसान है और इससे ताजे टमाटर सीधे आपके घर पर मिल जाते हैं। चलिए जानते हैं कैसे-
सही गमला और मिट्टी चुनें- टमाटर के लिए गमला कम से कम 12-14 इंच गहरा होना चाहिए। गमले के नीचे अच्छे से छेद होना चाहिए ताकि पानी निकल सके। मिट्टी हल्की और पोषक तत्वों वाली होनी चाहिए। आप बाजार की तैयार पॉटिंग मिट्टी ले सकते हैं या घर पर किचन कम्पोस्ट और मिटी मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आप गमले में बीज से टमाटर उगा सकते हैं या पहले से तैयार छोटे पौधे भी लगा सकते हैं। बीज से उगाने के लिए बीज को गुनगुने पानी में 2-3 घंटे भिगो दें। फिर इन्हें गमले की मिट्टी में हल्का दबाकर लगाएं। टमाटर को नियमित पानी चाहिए, लेकिन ज्यादा पानी से जड़ें सड़ सकती हैं। मिट्टी को हमेशा नम रखें, सूखी नहीं होने दें। गर्मियों में दिन में एक या दो बार पानी देना ठीक रहता है।
यह भी पढ़ें- Kitchen Garden Tips: अब महंगी सब्जियां खरीदने की जरूरत नहीं, घर पर उगाइए ताजी सब्जियां आसानी से
धूप और स्थान- टमाटर को प्रतिदिन कम से कम 5-6 घंटे धूप मिलनी चाहिए। अगर आप इसे घर के अंदर उगा रहे हैं, तो गमले को बालकनी या खिड़की के पास रखें, जहां पर्याप्त धूप आती हो। टमाटर के पौधों को समय-समय पर सहारा दें। छोटे बांस की लकड़ी या टाई की मदद से पौधे को खड़ा करें। अगर पत्तियों पर पीला पन या कीट लग जाए, तो प्राकृतिक कीटनाशक जैसे नीम का तेल इस्तेमाल करें। पौधों को अच्छे फल देने के लिए हर 2-3 हफ्ते में जैविक खाद या कम्पोस्ट डालें। इससे पौधे मजबूत होंगे और टमाटर जल्दी पकेंगे।
फसल कटाई- टमाटर आमतौर पर बीज बोने के 60-75 दिन में तैयार हो जाता है। टमाटर को तब तोड़ें जब उसका रंग पूरी तरह लाल या पीला हो जाए। ज्यादा पकने से पहले ही तोड़ना चाहिए ताकि पौधा नए फल दे सके। गमले में टमाटर उगाना आसान और मजेदार है। थोड़ी देखभाल और धैर्य से आप घर पर ही ताजे, रसीले और स्वादिष्ट टमाटर उगा सकते हैं। यह न केवल आपकी रसोई में ताजगी लाता है, बल्कि गार्डनिंग का आनंद भी देता है।












