सैलरीड कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अप्रैल 2026 तक एक नया और आधुनिक मोबाइल ऐप लॉन्च करने जा रहा है, जिससे देश के करीब 8 करोड़ पीएफ सदस्यों को बड़ी राहत मिलेगी। इस नए ऐप के जरिए ईपीएफ खाते से पैसा निकालना पहले से कहीं ज्यादा आसान, तेज और पूरी तरह डिजिटल हो जाएगा।
यह नई सुविधा EPFO 3.0 अपग्रेड का हिस्सा होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य पीएफ निकासी की प्रक्रिया को सरल बनाना और लोगों को बैंकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। खास बात यह है कि अब पीएफ का पैसा यूपीआई (UPI) के जरिए सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किया जा सकेगा, जिससे लंबी प्रक्रिया और इंतजार से छुटकारा मिलेगा।
UPI से कैसे निकाल सकेंगे PF का पैसा- नई व्यवस्था लागू होने के बाद पीएफ सदस्य अपने लिंक्ड बैंक खाते में यूपीआई के जरिए सीधे पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके लिए यूजर को नया EPFO ऐप डाउनलोड कर लॉग इन करना होगा, निकासी की राशि चुननी होगी और यूपीआई पिन डालना होगा। इसके बाद कुछ ही सेकंड में पैसा सीधे बैंक खाते में पहुंच जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, एक बार में करीब 25 हजार रुपये तक निकालने की सीमा तय की जा सकती है। हालांकि, रिटायरमेंट की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुल पीएफ बैलेंस का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा लॉक रहेगा, ताकि भविष्य की जरूरतों के लिए बचत सुरक्षित बनी रहे।
यह भी पढ़ें- नए आधार ऐप से घर बैठे करें पता और मोबाइल नंबर अपडेट, जानिए प्रोसेस
PF बैलेंस दो हिस्सों में दिखेगा- नए ऐप में पीएफ बैलेंस को दो भागों में दिखाया जाएगा- एलिजिबल बैलेंस, लॉक्ड बैलेंस। इससे यूजर को स्पष्ट जानकारी मिलेगी कि वह तुरंत कितनी रकम निकाल सकता है और कितना पैसा भविष्य के लिए सुरक्षित है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और बेहतर वित्तीय योजना बनाने में मदद मिलेगी। EPFO ने अपने ऑटो सेटलमेंट सिस्टम को भी अपग्रेड किया है। अब 5 लाख रुपये तक के क्लेम बिना किसी मैन्युअल जांच के केवल 3 दिनों के भीतर अपने आप सेटल हो जाएंगे। पहले यह सीमा सिर्फ 1 लाख रुपये थी। यह सुविधा बीमारी, पढ़ाई, शादी, मकान निर्माण और अन्य जरूरी खर्चों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
बैंकिंग जैसा आसान अनुभव- नया EPFO ऐप भीम और अन्य यूपीआई प्लेटफॉर्म्स के साथ पूरी तरह इंटीग्रेटेड होगा, जिससे यूजर्स को बिल्कुल बैंकिंग ऐप जैसा आसान और सुरक्षित अनुभव मिलेगा। फिलहाल इस सिस्टम की टेस्टिंग 100 डमी खातों पर की जा रही है और अप्रैल 2026 में इसके सार्वजनिक लॉन्च की तैयारी है। अब तक पीएफ निकासी में कई दिन या हफ्तों का समय लगता था। लेकिन नए ऐप और यूपीआई सिस्टम से यह प्रक्रिया कुछ मिनटों में पूरी हो सकेगी। इससे कर्मचारियों को आपात स्थिति में तुरंत पैसा मिलेगा, लंबी प्रक्रिया से राहत मिलेगी और डिजिटल, सुरक्षित व पारदर्शी सुविधा का लाभ मिलेगा।











