देश के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आ सकती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार अब जल्द खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है। हर बार की तरह इस बार भी पात्र किसानों के बैंक खाते में 2,000 रुपये की राशि सीधे DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए भेजी जा सकती है।
आपको बता दें कि इससे पहले योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर को जारी की गई थी। हालांकि, उस समय तकनीकी कारणों की वजह से बड़ी संख्या में किसानों को किस्त का पैसा नहीं मिल पाया था। ऐसे किसानों को इस बार राहत मिल सकती है और रुकी हुई किस्त के साथ नई किस्त मिलने की भी संभावना है। सबसे अच्छी बात यह है कि अब किसान अपने मोबाइल फोन से मिनटों में यह चेक कर सकते हैं कि उन्हें 22वीं किस्त मिलेगी या नहीं। आइए जानते हैं-
मोबाइल से ऐसे चेक करें PM Kisan 22वीं किस्त का स्टेटस- सबसे पहले PM किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। होमपेज पर आपको Farmers Corner का ऑप्शन दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें। अब यहां Beneficiary Status पर क्लिक करें। इसके बाद आपसे आधार नंबर, मोबाइल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर डालने को कहा जाएगा। जानकारी भरते ही आपके सामने पूरी डिटेल खुल जाएगी। यहां आपको साफ-साफ दिख जाएगा कि आपकी e-KYC पूरी है या नहीं, बैंक अकाउंट लिंक है या नहीं, और किस्त का पेमेंट स्टेटस क्या है।
यह भी पढ़ें- फार्मर आईडी क्या है और क्यों हर किसान के लिए है जरूरी?
किस्त आएगी या नहीं- अगर आपका e-KYC Complete लिखा आ रहा है, तो आपकी किस्त आने की संभावना काफी ज्यादा होती है। लेकिन अगर e-KYC Pending या Failed दिख रहा है, तो आपकी किस्त रुक सकती है। इसलिए e-KYC समय रहते पूरा करना बहुत जरूरी है। अगर आपका बैंक अकाउंट Active है और NPCI से लिंक है, तो पैसा सीधे खाते में आएगा। लेकिन अगर NPCI Not Linked, Bank Error या Account Inactive दिख रहा है, तो पेमेंट फेल हो सकती है। यहां आपको कई तरह के मैसेज दिखाई दे सकते हैं-
Payment Initiated- मतलब पैसा जारी हो चुका है। FTO Generated & Payment Under Process- पैसा ट्रांसफर हो रहा है। RFT Signed by State Government- राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। Payment Failed- तकनीकी कारण से पैसा नहीं पहुंच पाया। अगर इन तीनों सेक्शन में कोई भी लाल रंग या Warning दिखाई देती है, तो उसी वजह से आपकी किस्त अटक सकती है।
22वीं किस्त कब तक आ सकती है- इस बार होली 4 मार्च 2026 को है और माना जा रहा है कि सरकार किसानों को त्योहार से पहले खुशखबरी दे सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि 4 मार्च से पहले ही 22वीं किस्त किसानों के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। हालांकि, अभी तक कृषि मंत्रालय की तरफ से कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। जैसे ही सरकार की ओर से पुष्टि होगी, किसानों को इसकी जानकारी दे दी जाएगी। अगर आप चाहते हैं कि आपकी किस्त बिना किसी रुकावट के खाते में पहुंचे, तो यह जरूर चेक कर लें- आपकी e-KYC पूरी हो, बैंक अकाउंट आधार और NPCI से लिंक हो, कोई तकनीकी गलती या दस्तावेज की कमी न हो, थोड़ी सी सावधानी आपको 2,000 रुपये की किस्त से वंचित होने से बचा सकती है।














