भोपाल। मध्य प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में ठंड और कोहरे का असर बना हुआ है। गुरुवार सुबह राजधानी भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन सहित प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में हल्के से घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने कोहरे के चलते वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं, जिससे दिन में भी ठंडक बनी हुई है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 8 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई देगा। इसके चलते 10 फरवरी से मावठे की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ों पर हिमपात-बारिश… मैदानों में बढ़ी कंपकंपी; आने वाले दिनों में देशभर के मौसम का ऐसा रहेगा हाल
बीते बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे ज्यादातर शहरों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। ग्वालियर-चंबल संभाग में कोहरे का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला, जहां विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से भी कम रहने की आशंका है। ऐसे हालात में सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि सुबह के समय अत्यावश्यक होने पर ही यात्रा करें। कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय गति कम रखें और फॉग लाइट का उपयोग जरूर करें। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में कोहरे का असर
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, रतलाम, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिलों में कोहरा देखा गया।
EPF Balance Check 2026: बिना UAN के ऐसे चेक करें अपना PF बैलेंस, बेहद आसान है प्रोसेस
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
6 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में घना कोहरा रहेगा। वहीं भोपाल, गुना, अशोकनगर, इंदौर, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, विदिशा, सीहोर और रायसेन समेत कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर बना रहेगा। 7 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति रहेगी। इस दिन बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

















