नैनीताल: रामनगर थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर एक लाख रुपये से अधिक की ठगी के मामले में पुलिस ने तीन साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, मुखबिर की सूचना पर रविवार को पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोच लिया।
मामला रामनगर के मोहल्ला खताड़ी निवासी हैदर अली से जुड़ा है, जिसने दो लोगों पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाया था। कार्रवाई न होने पर पीड़ित को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने खताड़ी निवासी अयूब अंसारी और यूपी के ठाकुरद्वारा निवासी अतिकुर रहमान उर्फ वर्क अंसारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कुछ दिनों बाद अयूब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा आरोपी अतिकुर रहमान फरार चल रहा था।
सीओ सुमित पांडे ने बताया कि अतिकुर रहमान करीब तीन वर्षों से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से वारंट भी जारी किया गया था, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देकर बचता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।













