हल्द्वानी। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अनुसूचित जाति से जुड़े कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ वक्तव्यों को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। एसएसपी (नैनीताल) मंजूनाथ टीसी ने बताया कि 30 अगस्त को जवाहर नगर कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने हल्द्वानी थाने में लिखित तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि 29 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी में सफाई कार्यक्रम को लेकर असत्य एवं अपूर्ण तथ्यों के आधार पर अनुसूचित जाति के संबंध में भड़काऊ वक्तव्य दिए गए।
तहरीर मिलने के बाद थाना प्रभारी ने अमित कुमार को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए। अमित अपने आरोपों और तहरीर पर कायम रहे। उन्होंने कथित वीडियो साक्ष्य भी पैन ड्राइव के माध्यम से पुलिस को उपलब्ध कराया। एसएसपी के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और वादी के बयान के आधार पर नियमानुसार हल्द्वानी थाने में FIR संख्या 297/2026 दर्ज की गई है। मामले में BNS की धारा 196, 294 तथा SC/ST Act की धारा 3(1)(r) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी के विधायक सुमित हृदयेश और पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) से मुलाकात कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
















