पंजाब के खन्ना नगर के करतार नगर इलाके में 7 जनवरी को चर्च गई लड़की को पहले पादरी लुधियाना ले गया, बाद में उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया। परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन लड़की आजाद नहीं हुई तो परिवार के लोग खन्ना के अदालत परिसर के बाहर धरने पर बैठे निहंग संगठनों से गुहार लगाई। निहंग संगठनों ने आज काफी हंगामे के बीच 23 दिन बाद लड़की को आजाद करवा परिवार को सौंप दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पास्टर को हिरासत में ले लिया है।
खन्ना के एसएसडी डा. दर्पण आहलुवालिया ने बताया कि पुलिस ने पादरी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पादरी चमन कुमार के तौर पर हुई है। उधर, पीडि़त लड़की ने बताया कि वह 7 जनवरी को चर्च गई थी, जिसके बाद उसे लुधियाना अज्ञात जगह पर ले जाया गया, फिर खन्ना में ही घर में बंद कर दिया गया। ना तो किसी से मिलने दिया जाता था ना ही बाहर आने दिया जा रहा था।
कल उसकी मां किसी तरह अंदर आ गई थी, उसने इशारे से मां को वहीं रुकने को कहा। जिसके बाद उसे आजाद करवाया जा सका है। पीडि़त लड़की ने पास्टर और उसकी पत्नी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। लड़की की मां और पिता ने बताया कि उसकी लड़की को 7 जनवरी से बंधक बनाया गया था, उन्हें बेटी से मिलने तक नहीं दिया जा रहा था। सिटी 2 पुलिस थाने में इसकी शिकायत दी गई थी। न्यायालय परिसर के बाहर बैठे निहंग संगठनों से बेटी को छुड़ाने की गुहार लगाई थी, जिसके बाद आज निहंग संगठनों बेटी को आजाद करवाया है। पुलिस को सूचित किया गया था, पुलिस ने पादरी को हिरासत में ले लिया है।











