नई दिल्ली (हि.स.) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) केवल एक संगठन नहीं, बल्कि ऐसा आंदोलन है जो भारत की युवा-शक्ति को आत्मविश्वासी, अनुशासित, संवेदनशील और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाता है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं को बड़े भरोसे से देख रही है और इसका कारण उनके कौशल, मूल्य और संस्कार हैं।
करियप्पा परेड ग्राउंड में वार्षिक एनसीसी पीएम रैली को संबोधित
प्रधानमंत्री बुधवार को दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित वार्षिक एनसीसी पीएम रैली को संबोधित कर रहे थे। एनसीसी दिवस के अवसर पर कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, झांकी कलाकारों, राष्ट्रीय रंगशाला से जुड़े साथियों और देशभर से आए युवाओं के समन्वित प्रस्तुतिकरण की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन प्रस्तुतियों में युवाओं की ऊर्जा और अनुशासन साफ दिखाई देता है।
महाराष्ट्र विमान दुर्घटना पर शोक, देश पीड़ित परिवारों के साथ
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत महाराष्ट्र में हुई दुखद विमान दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए की, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उनके कुछ सहयोगियों का निधन हो गया। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
एनसीसी युवाओं को जिम्मेदारी के साथ जीना सिखाता है
प्रधानमंत्री मोदी ने एनसीसी की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं को न केवल परेड और अनुशासन सिखाता है, बल्कि जिम्मेदारी के साथ जीना भी सिखाता है। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में एनसीसी कैडेट्स की संख्या 14 लाख से बढ़कर 20 लाख हो गई है, जिसमें सीमावर्ती और तटीय क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
गर्ल्स कैडेट्स की बढ़ती भागीदारी महिला सशक्तिकरण का उदाहरण
इस वर्ष बड़ी संख्या में गर्ल्स कैडेट्स की भागीदारी की विशेष रूप से सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने इसे महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बताया।
एनसीसी युवाओं को विरासत पर गर्व करना सिखाता है
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनसीसी युवाओं के लिए ऐसा मंच है, जहां हमारी विरासत को गर्व के साथ जिया जाता है। उन्होंने देशभर में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उत्सव का उल्लेख किया।
परमवीर सागर यात्रा और राष्ट्रीय नायकों का सम्मान
प्रधानमंत्री ने परमवीर सागर यात्रा का उदाहरण देते हुए याद दिलाया कि सरकार ने अंडमान-निकोबार के 21 द्वीपों का नाम परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखा था और एनसीसी कैडेट्स ने इस भावना को आगे बढ़ाया।
लक्षद्वीप आइलैंड फेस्टिवल में संस्कृति और प्रकृति का संगम
लक्षद्वीप में आयोजित आइलैंड फेस्टिवल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां समुद्र, संस्कृति और प्रकृति को एक साथ मनाया गया।
इतिहास को सड़कों तक जीवंत कर रहा है एनसीसी
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनसीसी ने इतिहास को स्मारकों से निकालकर सड़कों तक जीवंत किया है। उन्होंने बाजीराव पेशवा, लाचित बोरफुकन और भगवान बिरसा मुंडा पर आधारित साइकिल रैलियों की सराहना की।
आज का समय भारतीय युवाओं के लिए स्वर्णकाल
लाल किले से दिए गए अपने संबोधन को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यही सही समय है, यही सबसे अच्छा समय है। उन्होंने कहा कि यह दौर भारतीय युवाओं के लिए अवसरों का स्वर्णकाल है।
भारत-यूरोपीय संघ एफटीए युवाओं के लिए गेम-चेंजर
प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ के बीच हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का उल्लेख किया, जिसे दुनिया ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ और ‘गेम-चेंजर’ बता रही है।
एफटीए से करोड़ों युवाओं के लिए नए अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे पहले भारत ने ओमान, न्यूज़ीलैंड, ब्रिटेन, यूएई, ऑस्ट्रेलिया और मॉरीशस के साथ एफटीए किए हैं, जो मिलकर करोड़ों युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं।
भारतीय युवाओं पर दुनिया का भरोसा उनके मूल्यों के कारण
उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं पर दुनिया का भरोसा उनके कौशल और मूल्यों के कारण है—लोकतंत्र में आस्था, विविधता का सम्मान और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना।
भारतीय युवा वैश्विक विकास में दे रहे अहम योगदान
प्रधानमंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों सहित अनेक देशों में भारतीय डॉक्टर, इंजीनियर और शिक्षक स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और सामाजिक विकास में योगदान दे रहे हैं।
भारत बना वैश्विक आईटी और स्टार्टअप हब
उन्होंने कहा कि युवाओं की उपलब्धियों के कारण भारत आज वैश्विक आईटी व्यवस्था की रीढ़ बन चुका है और स्टार्टअप, अंतरिक्ष व डिजिटल तकनीक में नेतृत्व कर रहा है।
भारत-ईयू एफटीए से निर्यात और एमएसएमई को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस समझौते के तहत भारत के 99 प्रतिशत से अधिक निर्यात पर शुल्क शून्य या बेहद कम होगा, जिससे वस्त्र, चमड़ा, रत्न-आभूषण और एमएसएमई क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को नई गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता आत्मनिर्भर भारत और ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ को गति देगा तथा किसानों और ग्रामीण युवाओं को नए बाजार देगा।
ऑपरेशन सिंदूर की झांकी और रक्षा स्टार्टअप्स पर जोर
प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर निकाली गई झांकी की सराहना की और युवाओं से रक्षा स्टार्टअप्स, एआई और स्वदेशी तकनीक के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
स्वच्छता, पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए युवाओं से अपील
प्रधानमंत्री ने सप्ताह में एक घंटा स्वच्छता अभियानों को देने, ‘एक पेड़ मां के नाम’ को आगे बढ़ाने और भोजन में तेल की मात्रा 10 प्रतिशत कम करने की अपील की।
विकसित भारत के निर्माण में एनसीसी युवाओं की निर्णायक भूमिका
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि एनसीसी से जुड़े युवा जीवन की हर परीक्षा में सफल होंगे और विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, डॉ. मनसुख मांडविया, संजय सेठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

















