काम की खबरें

आधार ऐप का फुल वर्जन लॉन्च, अपने मोबाइल नंबर को मिनटों में बदलें, तरीका यहां जानें

UIDAI यानी भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार यूजर्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। UIDAI ने आधार ऐप का बिल्कुल नया और अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है।

Published by
Mahak Singh

UIDAI यानी भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार यूजर्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। UIDAI ने आधार ऐप का बिल्कुल नया और अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है। यह नया ऐप पहले से ज्यादा स्मार्ट, मॉडर्न और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब आधार से जुड़े कई जरूरी काम घर बैठे मोबाइल से ही आसानी से किए जा सकते हैं। इस नए अपडेट के बाद ऐप का इंटरफेस पूरी तरह बदल गया है और इसमें कई नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जिससे आधार से जुड़ी सेवाएं और आसान हो गई हैं।

UIDAI ने X पोस्ट के जरिए दी जानकारी- UIDAI ने कुछ दिन पहले अपने आधिकारिक X (पहले ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी दी थी कि 28 जनवरी को आधार ऐप का बड़ा अपग्रेड जारी किया जाएगा। अब यह नया वर्जन लॉन्च हो चुका है। UIDAI ने बताया कि इस नए ऐप के जरिए यूजर्स अपना आधार डिजिटल रूप से शेयर कर सकते हैं। किसी दूसरे व्यक्ति का आधार कार्ड वेरिफाई कर सकते हैं और सबसे खास बात, अब मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा भी ऐप में जोड़ दी गई है। यह बदलाव उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है जो बार-बार आधार सेंटर जाने से बचना चाहते हैं।

अब घर बैठे बदल सकेंगे आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर- UIDAI ने अपने पोस्ट में साफ कहा है कि आधार सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि आधार नंबर होल्डर कहीं से भी, कभी भी अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर सकें। यानि अब आपको सिर्फ मोबाइल नंबर बदलने के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, अगर आपके पास पुराना नंबर एक्टिव है।

यह भी पढ़ें- e-Aadhaar क्या है, कैसे डाउनलोड करें और कहां होता है इस्तेमाल?

मोबाइल नंबर अपडेट के लिए जरूरी है दो-स्टेप वेरिफिकेशन- UIDAI ने यह भी बताया है कि मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दो-स्टेप वेरिफिकेशन प्रक्रिया रखी गई है। इसमें दो स्टेप होते हैं- OTP वेरिफिकेशन- सबसे पहले पुराने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा। फेस वेरिफिकेशन- इसके बाद यूजर को ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन करना होगा। जब तक दोनों स्टेप पूरे नहीं होंगे, नया नंबर आधार से लिंक नहीं किया जाएगा। इससे आधार की सुरक्षा और मजबूत हो जाती है। UIDAI ने साफ कहा है कि अगर किसी यूजर के पास पुराने मोबाइल नंबर का एक्सेस नहीं है, तो वह ऐप के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कर पाएगा। ऐसे मामलों में व्यक्ति को नजदीकी आधार एनरोलमेंट सेंटर जाना होगा और वहां जाकर मोबाइल नंबर बदलना पड़ेगा।

आधार ऐप से मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें– सबसे पहले अपने फोन में नया आधार ऐप डाउनलोड और इंस्टॉल करें। ऐप खोलकर अपने आधार नंबर से साइन इन करें। स्क्रीन के नीचे दिख रहे पॉप-अप को ऊपर की ओर स्वाइप करें। अब “Services” सेक्शन में जाएं। “My Aadhaar Update” विकल्प पर क्लिक करें। वहां “Mobile Number Update” ऑप्शन चुनें और Continue दबाएं। अब अपना नया मोबाइल नंबर डालें और “Send OTP” पर टैप करें। नए नंबर पर आया OTP दर्ज करें और Verify करें। इसके बाद आपको फेस वेरिफिकेशन स्क्रीन पर भेजा जाएगा। “Face Authenticate” पर क्लिक करें और Proceed करें। अपने चेहरे को कैमरे के सामने सर्कल के अंदर रखें। फोन को स्थिर रखें और जब सर्कल हरा हो जाए तो पलक झपकाएं। वेरिफिकेशन पूरा होते ही आप पेमेंट पेज पर पहुंच जाएंगे। मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए पेमेंट करें। UIDAI के अनुसार, आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए यूजर को 75 रुपये शुल्क देना होगा।

Share

Recent News