आधार कार्ड आज हर भारतीय नागरिक के जीवन का एक अहम हिस्सा बन चुका है। चाहे बैंक खाता खोलना हो, मोबाइल सिम लेना हो, सरकारी योजना का लाभ उठाना हो या स्कूल-कॉलेज में दाखिला हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। यह हमारी पहचान और पते का सबसे प्रमुख प्रमाण बन गया है। लेकिन कई बार आधार कार्ड में कोई गलती हो जाती है, जैसे नाम की स्पेलिंग गलत होना, जन्म तिथि में त्रुटि आना या पता बदलने के बाद नई जानकारी अपडेट न हो पाना। ऐसे में लोगों को आधार सेवा केंद्र या सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। कतारों में घंटों खड़ा रहना पड़ता है और कई बार छुट्टी लेकर भी काम नहीं हो पाता। लेकिन अब यह परेशानी खत्म होने जा रही है।
सरकार आधार कार्ड अपडेट की प्रक्रिया को बेहद आसान बनाने की तैयारी में है। इसके लिए UIDAI (Unique Identification Authority of India) एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने वाली है, जिसका नाम होगा e-Aadhaar App। इस ऐप के जरिए अब आधार कार्ड से जुड़ी कई जानकारियां आप घर बैठे खुद अपडेट कर सकेंगे। UIDAI की इस नई ऐप में यूजर को कई सुविधाएं मिलेंगी। सबसे बड़ी सुविधा यह होगी कि अब आपको किसी आधार केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अपने मोबाइल से ही अपने आधार कार्ड में निम्न जानकारियां अपडेट कर सकेंगे- जन्म तिथि, मोबाइल नंबर, निवास का पता, इसके अलावा भविष्य में UIDAI अन्य जानकारियां जैसे ईमेल आईडी या फोटो अपडेट की सुविधा भी जोड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड में एड्रेस बदलना अब हुआ आसान, जानें पूरी प्रक्रिया
कैसे काम करेगी नई e-Aadhaar ऐप- यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। यानी चाहे आपके पास एंड्रॉयड फोन हो या आईफोन, आप इसे डाउनलोड कर सकेंगे। इस ऐप को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से लैस किया जाएगा। इसका मतलब है कि आपकी पहचान की जांच (Verification) अब और ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से होगी। फेस रिकग्निशन तकनीक के जरिए ऐप यह सुनिश्चित करेगी कि आधार अपडेट करने वाला व्यक्ति वास्तव में वही है, जिसका आधार कार्ड है। इससे फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी। UIDAI के अनुसार, यह ऐप आधार डेटा की सुरक्षा को और मजबूत बनाएगी ताकि किसी भी तरह की हैकिंग या गलत इस्तेमाल की संभावना न रहे।
कब लॉन्च होगी e-Aadhaar ऐप- फिलहाल UIDAI की ओर से ऐप की आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि 2025 के अंत तक यह ऐप लॉन्च हो सकती है। एक बार लॉन्च हो जाने के बाद, यह ऐप देशभर में करोड़ों लोगों के लिए आधार अपडेट प्रक्रिया को बेहद आसान बना देगी।














