भुवनेश्वर। राज्य में गौ तस्करों के खिलाफ केन्दुझर पुलिस द्वारा शुरु की गई कार्रवाई में भारी वित्तीय लेनदेन के बारे में खुलासा हो रहा है । इस अभियान के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में गो-माफिया से जुड़े 121 बैंक खातों से ₹4.40 करोड़ की राशि जब्त की गई है, जिससे इस रैकेट के व्यापक और संगठित स्वरूप का पता चलता है।
उल्लेखनीय है कि केन्दुझर पुलिस ने पिछले दिनों केन्दुझर जिले के साथ साथ ओडिशा के कई जिलों में सक्रिय एक संगठित गो-तस्करी गिरोह पर लगातार छापेमारी की है । इस छापेमारी में संगठित गो-तस्करी गिरोह से जुड़े भारी वित्तीय लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध नेटवर्क से जुड़े लगभग 200 बैंक खातों की पहचान पांच जिलों में की गई है। इनमें से अब तक 121 खातों की जांच की जा चुकी है, जिनसे ₹4.40 करोड़ की राशि जब्त की गई। शेष 79 खातों की जांच अभी लंबित है, जिससे कुल राशि और अधिक होने की संभावना जताई जा रही है।
आरोपियों के नियंत्रण में 50 से अधिक बैंक लॉकर
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के नियंत्रण में 50 से अधिक बैंक लॉकर हैं, जो इस नेटवर्क की व्यापक वित्तीय गतिविधियों की ओर इशारा करते हैं। इन लॉकरों और अन्य संपत्तियों की फिलहाल ऑडिट प्रक्रिया चल रही है। इस संयुक्त अभियान के तहत केन्दुझर जाजपुर, भद्रक, मयूरभंज और खोर्धा जिलों में एक साथ 47 पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी का उद्देश्य संगठित पशु तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना और अवैध गतिविधियों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की कड़ी तक पहुंचना था।

केन्दुझर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और चिन्हित सभी बैंक खातों व संपत्तियों की गहन जांच की जाएगी। अधिकारियों ने राज्य में अवैध पशु व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए इस रैकेट में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
भद्रक में गौ तस्करी के लिए तेल टैंकर का इस्तेमाल
पुलिस द्वारा गौतस्करों पर कार्रवाई के बीच गौ तस्करी के लिए नये नये तरीके अपना रहे है । भद्रक में तेल टैंकर में गौतस्करी किये जाने का मामला सामने आया है । यह मामले सामने आने के बाद स्थानीय लोग भौचक्के रह गये । पुलिस सूत्रों के अनुसार भद्रक जिले में गौ तस्करी का एक असामान्य मामला सामने आया है, जहां तस्करों ने जांच से बचने के लिए पर तेल ले जाने वाले टैंकर का उपयोग कर पशुओं की ढुलाई की। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया और अवैध गतिविधियों के लिए नए-नए तरीकों के इस्तेमाल को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने एक तेल टैंकर को उस समय रोका जब उसमें अवैध रूप से गायों को ले जाया जा रहा था। तेल परिवहन के लिए बनाए गए इस वाहन में बड़ी संख्या में गौवंश भरे हुए पाए गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। यह घटना भद्रक जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर स्थित बारिकपुर चौक के पास हुई। स्थानीय लोगों को संदिग्ध गतिविधि का शक होने पर उन्होंने टैंकर को रोक लिया। बताया गया है कि वाहन कटक से भद्रक की ओर जा रहा था। जांच के दौरान टैंकर के भीतर 35 से अधिक पशु ठूंस-ठूंस कर भरे हुए पाए गए। जिस तरीके से पशुओं को ले जाया जा रहा था, उससे स्थानीय लोगों में रोष फैल गया और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पशु तस्करी के लिए तेल टैंकर जैसे वाहन के इस्तेमाल ने लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी।

















