पंजाब में गणतंत्र दिवस पर गड़बड़ी के प्रयास में दो लोगों को हथियारों सहित काबू किया गया है। अमृतसर शहरी पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अमृतसर में हथियार तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं, जिनमें दो ग्लॉक पिस्तौल और चार .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा दो जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
पाकिस्तान और विदेशी हैंडलरों से संपर्क में थे आरोपी
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों और विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर भारत में अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे थे।
गणतंत्र दिवस पर वारदात की साजिश का खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये हथियार विभिन्न आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाए जाने थे, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को खतरा पैदा हो सकता था। इसके अलावा गणतंत्र दिवस के मौके पर भी किसी वारदात को अंजाम देने की सारी साजिश रची जा रही थी।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में थाना इस्लामाबाद, अमृतसर में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस द्वारा नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और उनके आपराधिक संपर्कों की गहन जांच की जा रही है।
तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार किन इलाकों में पहुंचाए जाने थे और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सीमा पार अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि संगठित अपराध, अवैध हथियार तस्करी और सीमा पार आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















