ऋषिकेश: लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत कुनाऊं गांव में एक दुकान के अंदर मदरसे की शिक्षा दिए जाने का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने हंगामा किया। मौलवी पर कई गंभीर आरोप लगाए और पुलिस से कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। हंगामें के दौरान मौलवी के पक्ष में आए समर्थकों की हिंदू संगठनों के साथ तीखी नोकझोंक हुई। बहस के साथ नौबत हाथापाई तक भी पहुंची, लेकिन बीच बचाव होने के चलते मामला बेकाबू होने से बचा।
इस दौरान पुलिस घटनास्थल पर आई और स्थिति की नजाकत को समझते हुए किसी तरह दोनों पक्षों को शांत किया। मामले में आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। हिंदू संगठनों ने मौलवी के पुलिस सत्यापन नहीं होने के साथ आधार कार्ड में दर्ज नाम पते और जन्मतिथि पर भी संशय जताया। लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी भुवन चंद पुजारी ने बताया हिंदू संगठनों ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच की जाएगी।
राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर और बजरंग दल के नरेश उनियाल ने बताया कि गांव में पहले एक मदरसा था जो फिलहाल कोर्ट के आदेश पर बंद है, लेकिन मदरसे की शिक्षा बगल की एक दुकान में अवैध रूप से बच्चों दी जा रही है जो कि गलत है। राघवेंद्र भटनागर, प्रदेश अध्यक्ष हिन्दू शक्ति संगठन ने कहा है कि मुस्लिम संगठन क्षेत्र की सनातन संस्कृति से खिलवाड़ कर यहां माहौल खराब कर रहे हैं। नरेश उनियाल, बजरंग दल ने कहा है कि मौलवियों की हरकते हिन्दू संगठन बर्दाश्त नहीं करेंगे।

















