नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस को रोंहिग्यों और बांग्लादेशियों से गहरा लगाव है। यह पार्टी देशभर में नकारी जा चुकी है। कांग्रेस की राजनीति अब झूठ, फरेब और नौटंकी पर टिकी है। जनता इसे अब समझ चुकी है। यह बात राजस्थान बीजेपी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कही है। उनका कहना है कि कांग्रेस अब आधारहीन मुद्दों पर बेतुकी बयानबाजी करती है।
श्रवण सिंह बगड़ी ने यह बात कांग्रेस द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं हटाने की प्रक्रिया पर लगाए गए आरोपों के पलटवार में कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश ही नहीं, विदेश में भी जाकर राष्ट्र विरोधी बातें करते है। संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना और अनर्गल प्रलाप करना सभी कांग्रेसियों की आदत हो चुकी है।
राजस्थान ही नहीं बल्कि देशभर में कांग्रेस को जनता ने नकारा
उन्होंने कहा कि राजस्थान में ही नहीं बल्कि कांग्रेस देशभर में नकारी जा चुकी है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की एक तय प्रक्रिया है। इसमें मृत व्यक्तियों, दो जगह वोटर लिस्ट में शामिल व्यक्तियों के नाट हटाए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया के लिए सभी राजनीतिक दलों से बीएलए—1, बीएलए—2 बनाए गए है। फार्म की जांच करना, नाम जोड़ना या नाम हटाने का अधिकार निर्वाचन आयोग के पास है। अगर कोई फॉर्म अधूरा है, गलत है, सही है, यह तो निर्वाचन आयोग तय करेगा।
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि कांग्रेस का रोंहिग्यों, बांग्लादेशियों और अवैद्य प्रवासियों से गहरा लगाव है। जब इनका नाम कटता है तो कांग्रेस को तकलीफ होती है। उन्होंने कहा कि जयपुर में ऐसे कई घर है जो क्षेत्रफल की दृष्टि से छोटे है और मतदाता सूची के अनुसार उनमें 200 से 300 लोगों के नाम जुड़े हुए है। इन पर आपत्ति आई है तो आयोग नियमानुसार जांच करेगा। कांग्रेस के पेट में क्यों दर्द है? कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है वहां चुप्पी साध लेती है और जहां हार जाती है वहां ईवीएम, चुनाव आयोग और भाजपा पर आरोप लगाते हुए रोना रोने लगती है।
















